- आशंका ने पुलिस को करवाई मशक्कत
जैसलमेर। जैसलमेर कोतवाली पुलिस को एक आशंका ने आधे से पौन घंटे तक ऐतिहासिक गड़ीसर सरोवर में मशक्कत करवा दी। दरअसल पुलिस ने एक महिला की इस आशंका के आधार पर गड़ीसर पर गत शनिवार रात्रि को सर्च अभियान चलाया था कि उसका पति घरेलू झगड़े के बाद गड़ीसर में डूब गया है। मौके पर पहुंची पुलिस ने रात के अंधेरे में टॉर्च की रोशनियों में उस व्यक्ति को पानी में ढूंढऩे का प्रयास किया। गोताखोरों को भी पानी में उतारा। करीब आधे से पौन घंटे तक यह सारी कवायद चलती रही लेकिन उक्त व्यक्ति बख्ताराम का कहीं पता नहीं चला। आसपास ढूंढऩे पर वह गड़ीसर की पाल पर उगी झाडिय़ों में छिप कर बैठा दिखाई दिया। इससे उसके परिवारजनों के साथ पुलिस ने भी राहत की सांस ली। हालांकि बिना वजह तनाव उत्पन्न करवाने के चलते पुलिस रात में उसे अपने साथ थाने ले गई और धारा 151 के तहत उसे गिरफ्त में ले लिया। उपनिरीक्षक देवकिशन ने बताया कि रविवार को उसे जमानत पर रिहा कर दिया गया है। जानकारी के अनुसार इससे पहले शनिवार रात्रि को जब पुलिस उसे मुक्तेश्वर मंदिर के बंधे के पास पानी में खोज रही थी, तब वहां अंधेरे में मछलियों की पानी में उछलकूद से घरवालों को ऐसा लग रहा था कि, उक्त व्यक्ति पानी में डूबते हुए हाथ हिला रहा है।
जानकारी के अनुसार संभवत: बख्ताराम का झगड़ा उसके परिवारजनों से हुआ और उसने उन्हें गड़ीसर में डूबने की धमकी दी हो। इससे डरे हुए परिजनों ने पुलिस से सम्पर्क किया और मौके की नजाकत को समझते हुए पुलिस भी तत्काल मौके पर पहुंच गई। उसने वहां तलाशी का काम शुरू किया। कई और लोग भी वहां जुट गए तथा खोजबीन करने में लगे रहे। बख्ताराम के पानी में मिलने की बजाए बाहर सकुशल दिख जाने पर सभी ने खुशी जताई। हालांकि पुलिस को नाहक परेशानी का सामना करना पड़ा। गौरतलब है कि जैसलमेर के गड़ीसर सरोवर में दुर्घटनावश या जानबूझकर डूबने की घटनाएं विगत दशकों से सामने आती रही है।