जैसलमेर में विश्व पृथ्वी दिवस 'हमारी शक्ति, हमारा ग्रह' थीम के तहत धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण और जलवायु परिवर्तन के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से बुधवार सुबह एक प्रभात फेरी का आयोजन किया गया।
जैसलमेर में विश्व पृथ्वी दिवस 'हमारी शक्ति, हमारा ग्रह' थीम के तहत धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण और जलवायु परिवर्तन के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से बुधवार सुबह एक प्रभात फेरी का आयोजन किया गया। यह जागरूकता रैली गड़ीसर चौराहे से शुरू होकर हनुमान सर्किल स्थित गांधी दर्शन पर समाप्त हुई। नगर परिषद आयुक्त लजपाल सिंह सोढ़ा ने प्रभात फेरी को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान उप निदेशक महिला अधिकारिता अशोक गोयल, सहायक निदेशक सूचना एवं जनसंपर्क प्रवीण प्रकाश चौहान, खेल अधिकारी राकेश विश्नोई सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। रैली शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरी और आमजन को पर्यावरण संरक्षण, जल बचत, स्वच्छता तथा हरित जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।
इसमें विद्यार्थियों, युवाओं, महिलाओं, वन विभाग के कार्मिकों, शिक्षकों, सामाजिक संगठनों और स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। उक्त आयोजन जैसलमेर की पर्यावरण समिति, जिसके अध्यक्ष जिला कलक्टर हैं, के निर्देशानुसार तथा सदस्य सचिव उप वन संरक्षक के निर्देशन में वन विभाग, शिक्षा विभाग और नगर परिषद के सहयोग से किया गया। पृथ्वी दिवस के उपलक्ष्य में जिले के विद्यालयों में निबंध, चित्रकला, साफ-सफाई और भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, साथ ही 'एक पेड़ माँ के नाम' के तहत पौधारोपण भी किया गया। निजी विद्यालय में वन विभाग की ओर से आयोजित पृथ्वी दिवस कार्यक्रम में चित्रकला, भाषण और निबंध प्रतियोगिताओं के विजेता विद्यार्थियों को आयुक्त नगर परिषद, जैसलमेर लजपालसिंह सोढ़ा की ओर से पुरस्कृत किया गया। इस अवसर पर सहायक वन संरक्षक दिलीपसिंह राठौड़ ने जलवायु परिवर्तन और प्रदूषण को पृथ्वी के लिए बड़ा संकट बताते हुए प्लास्टिक का उपयोग कम करने और अधिक पेड़ लगाने का आह्वान किया। उप वन संरक्षक कुमार शुभम ने 'पृथ्वी हमारा एकमात्र घर है' कहते हुए लोगों से पर्यावरण के प्रति जागरूक होने और अधिक पेड़ लगाकर पृथ्वी के सौंदर्यीकरण को बढ़ाने का संदेश दिया। उन्होंने 'पृथ्वी का संरक्षण, भविष्य का संरक्षण' का नारा भी दिया।
स्थानीय विद्यालय पीएमश्री अमर शहीद सागरमल गोपा राउमावि जैसलमेर में पृथ्वी दिवस के उपलक्ष्य पर विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इन प्रतियोगिताओं में निबंध और पोस्टर प्रतियोगिता शामिल थीं। संयोजक एवं प्रधानाचार्य सुनिल कुमार बोहरा के मार्गदर्शन में पृथ्वी दिवस आयोजन का शुभारंभ प्रार्थना सत्र में हुआ। उपप्रधानाचार्य गजेन्द्र पोषवाल ने पृथ्वी दिवस मनाने के कारण व इसके महत्व पर वार्ता प्रस्तुत की। निबंध प्रतियोगिता का विषय 'मेरी पृथ्वी मेरा घर' था, जबकि पोस्टर प्रतियोगिता का विषय 'पर्यावरण संरक्षण' रखा गया। प्रतियोगिता आयोजन में व्याख्याता नीलकंठ व्यास और पुस्तकालयाध्यक्ष प्रकाश चन्द ने सहयोग प्रदान किया। निबंध प्रतियोगिता में अभय सिंह ने प्रथम, मंदीप ने द्वितीय और देवेन्द्र ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इसी प्रकार, पोस्टर प्रतियोगिता में सीमा ने प्रथम, अच्युत ने द्वितीय और हनुमान ने तृतीय स्थान अर्जित किया।
पीएमश्री केंद्रीय विद्यालय, सीमा सुरक्षा बल डाबला में पृथ्वी दिवस भी मनाया गया, जहां योगेन्द्र सैनी ने अपने विचार प्रस्तुत किए। कक्षा बारहवीं विज्ञान के छात्र-छात्राओं ने स्लोगन लेखन प्रतियोगिता में भाग लिया और कविता प्रस्तुत की। इस अवसर पर एक क्विज प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। प्राचार्य अजय कुमार जांगिड ने विद्यार्थियों की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त की और पृथ्वी दिवस पर प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझने व निभाने का आह्वान किया।