- जैसलमेर मूल के बॉलीवूड दिग्गज कलाकार श्रीवल्लभ व्यास ने जयपुर में ली अंतिम सांस- करीब 70 फिल्मों में काम किया व्यास ने
जैसलमेर. आमिर खान की सुपरहिट फिल्म लगान में क्रिकेट मैच के विकेट कीपर ‘ईश्वर काका’ व केतन मेहता की फिल्म ‘सरदार’ में पाकिस्तान के संस्थापक हुकमरान ‘जिन्नाह’ की भूमिका निभाकर बॉलीवूड की फिल्मों में अपनी अलग पहचान बनाने वाले स्वर्णनगरी जैसलमेर के मूल बाशिंदे और दिग्गज फिल्म कलाकार श्रीवल्लभव्यास का लम्बी बीमारी के बाद रविवार को जयपुर में देहांत हो गया। वे करीब 58 वर्ष के थे। उनके परिवार में पत्नी शोभा और दो पुत्रियां हैं। गौरतलब है कि व्यास 13 अक्टूबर 2008 में राजपीपला में एक भोजपुरी फिल्म की शूटिंग के दौरान होटल के बाथरूम में गिर कर हादसे का शिकार हो गए थे। उसके बाद से वे लकवाग्रस्त हो गए। वे अपने परिवार के साथ गत दो वर्षों से जयपुर में रह रहे थे।उनकी प्रारंभिक शिक्षा जैसलमेर में हुई थी। बाद में वे जयपुर में पढ़े तथा उन्होंने 1979-80 में नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा से डिग्री ली। ऑस्कर की दहलीज तक पहुंची आमिर खान की सुपरहिट फिल्म में ‘ईश्वर काका’ का यादगार पात्र उन्होंने निभाया था। जैसलमेर में प्रकांड ज्योतिष रहे स्व. जयशंकर व्यास के पुत्र श्रीवल्लभ व्यास के निधन से जैसलमेर में शोक की लहर है।
जैसलमेर आकाशवाणी से जुड़ाव
जानकारी के अनुसार मुम्बई के व्यस्त जीवन से जब भी फुर्सत के दिन बिताने श्रीवल्लभ व्यास जैसलमेर आते, तब यहां के आकाशवाणी केंद्र अवश्य पहुंचते। उन्होंने आकाशवाणी जैसलमेर स्टेशन से प्रसारित करने के लिए एक नाटक ‘तीसरा घर’ लिखा और उसे निर्देशित किया था। उसमें एक पात्र ‘एकेश्वर’ को उन्होंने निभाया भी था।
थिएटर से फिल्मों का सफर
श्रीवल्लभ व्यास की रुचि कॉलेज के दौर से ही थिएटर से जुड़ गई।उन्होंने उस दौर में कई रंगमंचीय प्रस्तुतियांं दी। यही रुचि उन्हें खींचकर नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा तक ले गई। यहां उन्होंने थिएटर में पारंगत होने के बाद कई सालों तक नवोदित कलाकारों को अभिनय के गुर सिखाए। दूरदर्शन के फैलाव के शुरुआती दौर में व्यास ने ‘काठ की गाड़ी’ और ‘बसंती’ आदि में मुख्य पात्र निभा कर अपनी पहचान कायम की।1991 वे उनका फिल्म जगत में प्रवेश हो गया। व्यास ने करीब 60 हिंदी और अन्य क्षेत्रीय भाषाओं की फिल्मों में अभिनय किया।उनकी यादगार फिल्मों में लगान के अलावा, सरफरोश, माया मेमसाहब, वेलकम टु सज्जनपुर, बंटी और बबली, चांदनी बार, सरदार, नेताजी सुभाषचंद्र बोस: द फोरगोटन हीरो, संकट सिटी, आन:मैन एट द वर्क, अभय आदि शामिल हैं।वहीं उनके नाम आहट, सीआईडी, कैप्टन व्योम जैसे सीरियल और कई विज्ञापन फिल्में भी हैं।