जैसलमेर

Video: ईद-उल-अज़हा पर जैसलमेर में उल्लास, बाजारों में 25 करोड़ कारोबार

पिछले करीब 15 से 20 दिनों से लेकर पूर्व संध्या तक स्वर्णनगरी के बाजारों में लगभग 25 करोड़ रुपए की खरीदारी होने का अनुमान लगाया गया है।

2 min read
May 27, 2026
जैसलमेर. ईद पर्व को लेकर बाजारों में खरीददारी करते हुए। पत्रिका 

ईद पर्व को सीमांत जिले में गुरुवार को हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया जाएगा। मुस्लिम समाज के इस प्रमुख पर्व को लेकर जिले भर में तैयारियों का माहौल देखने को मिला। पिछले करीब 15 से 20 दिनों से लेकर पूर्व संध्या तक स्वर्णनगरी के बाजारों में लगभग 25 करोड़ रुपए की खरीदारी होने का अनुमान लगाया गया है। बुधवार को शहर के सभी प्रमुख बाजार ईद की रौनक से गुलजार रहे। ईद की तैयारियों को पूरा करने के लिए शहर और ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग बाजारों में पहुंचे। कपड़े, जूते, खानपान की वस्तुएं और सजावटी सामान की दुकानों पर भारी भीड़ रही। महिलाओं ने पारंपरिक परिधान, आभूषण और अन्य आवश्यक वस्तुओं की विशेष खरीदारी की।

ईद से पहले शहर- गांवों से उमड़ी भारी भीड़

शहर के पंसारी बाजार, सदर बाजार, गुलासतला, मदरसा रोड, गड़ीसर प्रोल, आसनी पथ तथा पुराने ग्रामीण बस स्टैंड क्षेत्र में सबसे अधिक ग्राहकी देखने को मिली। व्यापारियों के अनुसार ईद पर इस बार बाजार में उल्लेखनीय कारोबार हुआ है, जिससे व्यापारी वर्ग में भी उत्साह रहा। सिंधी अल्पसंख्यक समाज में पारंपरिक पहनावे की मांग अधिक देखी गई।

बाजारों में कपड़े जूते और खानपान की बिक्री बढ़ी

शहर के दर्जी, वस्त्र एवं जूते-चप्पल व्यवसाय से जुड़े लोगों के यहां ग्राहकों की लगातार भीड़ बनी रही। ईद-उल-अज़हा की नमाज़डेडानसर रोड स्थित बड़ी ईदगाह में होगी। इस अवसर पर देश में अमन-शांति और विश्व शांति के लिए विशेष दुआ मांगी जाएगी। इसी तरह बेरा रोड स्थित कदीमी ईदगाह में ईद की नमाज अदा की जाएगी। नमाज के बाद देश की तरक्की, अमन-चैन और आपसी भाईचारे के लिए विशेष दुआ की जाएगी। साथ ही जमीयत उलेमा-ए-हिंद के संरक्षण में एक हस्ताक्षर अभियान भी आयोजित किया जाएगा, जिसके माध्यम से गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित करने की मांग से संबंधित ज्ञापन जिला प्रशासन को सौंपा जाएगा।

त्योहारों को सामाजिक एकता और भाईचारे का बताया प्रतीक

आगामी ईद-उल-अजहा पर्व को लेकर स्थानीय पुलिस थाने में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से सीएलजी बैठक आयोजित की गई। बैठक में क्षेत्र में सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने और त्योहार को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने पर चर्चा हुई। थाना प्रभारी सहीराम डारा ने कहा कि त्योहार सामाजिक एकता, प्रेम और आपसी भाईचारे के प्रतीक होते हैं। उन्होंने क्षेत्रवासियों से ईद-उल-अजहा का पर्व शांति, सद्भाव और सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाने की अपील की। इसके साथ ही कहा कि त्योहार के दौरान क्षेत्र में अमन-चैन बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क और मुस्तैद रहेगी।

उन्होंने लोगों से किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और सोशल मीडिया पर भ्रामक या अपुष्ट जानकारी साझा नहीं करने की अपील की। बैठक में उपस्थित प्रबुद्ध नागरिकों ने भी अपने सुझाव रखे और प्रशासन को त्योहार शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने में पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया। बैठक में सीएलजी सदस्य, ग्राम रक्षक, पुलिस मित्र, स्थानीय जनप्रतिनिधि तथा क्षेत्र के कई गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। इस अवसर पर फलसूंड थाने के एएसआइ राजूसिंह, रीडर चैनाराम सैन, कांस्टेबल महेंद्र सिंह सहित पुलिस थाने का अन्य स्टाफ भी उपस्थित रहा।

Published on:
27 May 2026 09:10 pm
Also Read
View All