स्वर्णनगरी में शुक्रवार को फिल्मी माहौल तब खास बन गया, जब प्रसिद्ध बॉलीवुड फिल्म मेकर करण जौहर ने शहर के सिनेमा हॉल में फिल्म ‘धुरंधर-2’ की प्राइवेट स्क्रीनिंग का आनंद लिया।
स्वर्णनगरी में शुक्रवार को फिल्मी माहौल तब खास बन गया, जब प्रसिद्ध बॉलीवुड फिल्म मेकर करण जौहर ने शहर के सिनेमा हॉल में फिल्म ‘धुरंधर-2’ की प्राइवेट स्क्रीनिंग का आनंद लिया। इस दौरान उनके साथ केवल टीम के चुनिंदा सदस्य मौजूद रहे। पूरे थिएटर को बुक कराकर फिल्म देखी गई, जिससे माहौल पूरी तरह निजी और खास बना रहा। करीब 39 वर्ष पुराने इस सिनेमा हॉल में फिल्म देखने का अनुभव जौहर के लिए बेहद भावनात्मक रहा।
उन्होंने सोशल मीडिया पर साझा किया कि सिंगल स्क्रीन थिएटर में फिल्म देखना उन्हें 70 के दशक के उन दिनों में ले गया, जब वे सिनेमा को बड़े पर्दे पर देखकर उसी दुनिया का हिस्सा बनने का सपना देखते थे। शाम के शो के दौरान उन्होंने पूरी फिल्म का आनंद लिया और थिएटर के माहौल की भी सराहना की। थिएटर संचालक मांगीलाल कल्ला के अनुसार जौहर और उनकी टीम लगभग पांच घंटे तक परिसर में रही। इस दौरान उन्होंने फिल्म के साथ-साथ थिएटर की व्यवस्थाओं और माहौल को भी करीब से महसूस किया।
फिल्म ‘धुरंधर-2’ को लेकर करण जौहर ने खुलकर प्रशंसा व्यक्त की। उन्होंने इसके निर्देशक आदित्य धर की सराहना करते हुए लिखा कि यह फिल्म मुख्यधारा सिनेमा के स्तर को नई ऊंचाई पर ले जाती है और एक नया मानक स्थापित करती है। उन्होंने विश्वास जताया कि फिल्म बॉक्स ऑफिस पर नए रिकॉर्ड बनाएगी। मुख्य अभिनेता रणवीरसिंह के अभिनय की भी उन्होंने जमकर तारीफ की। जौहर ने लिखा कि रणवीर का यह अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। उनके भावनात्मक दृश्य, अभिव्यक्ति और स्क्रीन प्रेजेंस ने उन्हें एक मजबूत और प्रभावशाली कलाकार के रूप में स्थापित किया है।
इन दिनों करण जौहर जैसलमेर के एक होटल में अपने चर्चित रियलिटी शो ‘दट्रेटर्स’ के दूसरे सीजन की शूटिंग में व्यस्त हैं। यह शो मूल रूप से अमेरिकी फॉर्मेट पर आधारित है। पहले सीजन को भी दर्शकों से अच्छा प्रतिसाद मिला था और इसकी शूटिंग भी इसी लोकेशन पर की गई थी। नए सीजन को लेकर भी दर्शकों में उत्सुकता बनी हुई है।