जैसलमेर

किसान जागृति मंच की बैठक, जिला कलक्टर के इस आदेश को बताया किसान विरोधी

जिला कलक्टर के कृषि कनेक्शन संबन्धी आदेश की समीक्षा को लेकर मंगलवार को किसान जागृति मंच की बैठक आयोजित हुई।
2 min read
Jun 27, 2018
Feature image

जैसलमेर. जिला कलक्टर के कृषि कनेक्शन संबन्धी आदेश की समीक्षा को लेकर मंगलवार को किसान जागृति मंच की बैठक आयोजित हुई। इस दौरान आदेश के पेरा संख्या 5 से 8 तक की शर्तों को किसान विरोधी माना गया। बैठक में शामिल किसान प्रतिनिधियों ने बताया कि आदेश में एक व्यक्ति के लिए एक ही ट्यूबवेल, 30 बीघा से अधिक जमीन उपलब्ध होना, दो ट्यूबवेल के बीच 200 मीटर की दूरी, संयुक्त परिवार में एक ही विद्युत कनेक्शन आदि शर्ते लगाने से किसान विद्युत कनेक्शन से वंचित रह जाएगा। किसान जागृति मंच ने किसानों को विश्वास में लिए बिना जिला कलक्टर द्वारा जारी आदेश का विरोध किया। बैठक के बाद जिला कलक्टर कार्यालय के सामने आदेश की प्रतियों को जलाकर विरोध जताया। किसान प्रतिनिधियों ने जिला कलक्टर को ज्ञापन सौंपकर आदेश को संशोधित करने का आग्रह किया। किसान प्रतिनिधियों ने बताया कि आदेश संशोधित नहीं किए जाने पर उग्र विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। इस दौरान सवाईसिंह देवड़ा,केसरसिंह,मनोहरसिंह,जैतमालसिंह,गिरधरसिंह,कंवराजसिंह,वीरसिंह तेजमालता,आसूराम,निम्बसिंह,विक्रमसिंह,पृथ्वीसिंह,महेंद्रसिंह,महिपालसिंह,मदनसिंह,भवानीसिंह,आदि लोग उपस्थित रहे।

इन शर्तों का विरोध
नलकूप के लिए खातेदार के पास न्यूनतम 30 बीघा कृषि भूमि होना।
संयुक्त परिवार में एक ही खातेदार को नलकूप की अनुमति।
दो नलकूप के बीच दो सौ मीटर की दूरी होना।

इसलिए किया विरोध
राजस्थान के अन्य जिलों में नलकूप अनुमति में इस तरह की शर्ते नहीं होने।
जिले में अधिकतर कृषि भूमि संयुक्त खातेदारी की है, इसलिए ऐसी शर्ते किसान हित में नहीं है।

यह भी है मांग
नहरी क्षेत्र की तरह ही समस्त जिले के राजस्व क्षेत्रों में भी खातेदार की भूमि की सीमा नलकूप अनुमति हेतु हटाए जाने की मांग की है।

हेण्डपंप ठीक करवाने व टैंकरों से जलापूर्ति की मांग
जैसलमेर.पोकरण क्षेत्र के माड़वा के ग्रामीणों ने उपखण्ड अधिकारी को ज्ञापन सुपुर्द कर गांव में लम्बे समय से बंद पड़े चार हेण्डपंपों को ठीक करवाने व करीब आधा दर्जन ढाणियों में टैंकरों से जलापूर्ति करवाने की मांग की है। ग्रामीणों ने अपने ज्ञापन में बताया कि माड़वा में मदरसा बेंदोलाई नाडी, नाडी के पास स्थित ढाणियों, खुमाराम मेघवाल की ढाणी, गणपतसिंह मेड़तिया की ढाणी स्थित चारों हेण्डपंप गत एक माह से खराब पड़े है। इन ढाणियों में पेयजल का अन्य कोई स्त्रोत नहीं होने के कारण ग्रामीणों व मवेशी को परेशानी हो रही है। इसी प्रकार उन्होंने बताया कि जमेदारों की ढाणी, नबुखां की ढाणी, विजयदान आसूदान की ढाणी देवलपुरा, हसनखां की ढाणी माड़वा, मदरसे की ढाणी व ठेड़ी की ढाणी स्थित जलदाय विभाग के जीएलआर भी लम्बे समय से खाली पड़े है।ग्रामीणों ने सभी ढाणियों में टैंकरों से जलापूर्ति करने की मांग की है।

Published on:
27 Jun 2018 07:07 pm