-कल से जिले में कोविड टीकाकरण के तृतीय चरण का आगाज
जैसलमेर. कोविड-19 के तहत तृतीय चरण के टीकाकरण को लेकर राज्य सरकार की ओर से जिला स्तरीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और तैयारियों की समीक्षा की। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. कमलेश चौधरी ने बताया कि वीसी के निर्देशानुसार जिले में 1 मार्च से चरणबद्ध तरीके से 60 वर्ष से अधिक आयु के सभी नागरिकों एवं 45 से 60 वर्ष तक के गंभीर बीमार रोगियों का भी कोविड-19 का टीकाकरण का आगाज होगा। डॉ. चौधरी ने बताया कि जिले में सभी सरकारी कोविड टीकाकरण केन्द्रों के साथ ही आयुष्मान भारत महात्मा गांधी राजस्थान स्वास्थ्य बीमा योजना में पंजीकृत चिकित्सा संस्थानों पर कोविड-19 का टीकाकरण किया जाएगा और कोविड टीकाकरण के लिए को-विन पोर्टल पर मौके पर ही पंजियन करवाकर ही टीकाकरण किया जाएगा और आरोग्य सेतु एवं को-विन पोर्टल पर भी ऑनलाईन पंजीयन की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। पंजीयन एंव टीकाकरण के लिए व्यक्ति को अपना फोटोयुक्त पहचान पत्र साथ में लाना अनिवार्य होगा।
वीडियो कान्फ्रेंसिंग के बाद जिला कलक्टर की अध्यक्षता में जिला टॉस्क फोर्स की बैठक का आयोजन किया गया। जिला कलक्टर ने सभी विभागो को निर्देशित किया कि कोविड-19 के तृतीय चरण के तहत चरणबद्ध रूप से टीकाकरण के लिए सभी विभागों को समन्वय स्थापित कर शत-प्रतिशत टीकाकरण के लिए कहा गया। डॉ. चौधरी ने बताया कि जिलेे में 60 वर्ष से अधिक आयु के व्यक्तियों की संख्या करीबन 70 हजार से अधिक है, जिनके टीकाकरण के लिए ग्राम स्तर पर ग्राम विकास अधिकारियों, बूथ लेवल अधिकारियों, शिक्षकों, एवं ग्राम निगरानी समिति की ओर से टीकाकरण के लिए आमजन को जागरुक किया जाएगा।