
जैसलमेर. पंचायतीराज चुनाव की सियासी सरगर्मी अब नामांकन प्रक्रिया के साथ तेज हो गई है। बुधवार को नामांकन के अंतिम दिन जिला परिषद और जिले की दस पंचायत समितियों में दावेदारों की सक्रियता देखने को मिली। जिला परिषद के 21 वार्डों में अंतिम दिन 88 अभ्यर्थियों ने 98 नामांकन पत्र दाखिल किए, जबकि पंचायत समितियों के 150 वार्डों में 392 अभ्यर्थियों ने 472 नामांकन पत्र प्रस्तुत किए। अंतिम दिन की इस हलचल के साथ जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए अब तक 940 अभ्यर्थियों के कुल 1163 नामांकन दाखिल हो चुके हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर अनुपमा जोरवाल ने बताया कि जिला परिषद के 21 निर्वाचन क्षेत्रों में नामांकन के अंतिम दिन 88 अभ्यर्थियों ने 98 नामांकन पत्र रिटर्निंग अधिकारी के समक्ष प्रस्तुत किए। इसके साथ ही जिला परिषद सदस्य पद के लिए अब तक 138 अभ्यर्थियों के 162 नामांकन पत्र प्राप्त हुए हैं।
जिले की दस पंचायत समितियों जैसलमेर, भणियाणा, फतेहगढ़, खुहड़ी, मोहनगढ़, नाचना, राजमथाई, रामदेवरा, रामगढ़ और सांकड़ा में 15-15 वार्ड हैं। इस तरह कुल 150 निर्वाचन क्षेत्रों के लिए अंतिम दिन 392 अभ्यर्थियों ने 472 नामांकन पत्र दाखिल किए। अब तक पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए 802 अभ्यर्थियों के 1001 नामांकन पत्र जमा हो चुके हैं।
पंचायत समितिवार आंकड़ों पर नजर डालें तो फतेहगढ़ में अब तक सर्वाधिक 100 अभ्यर्थियों ने 126 नामांकन पत्र दाखिल किए हैं। इसके बाद जैसलमेर में 87 अभ्यर्थियों के 117 और रामगढ़ में 91 अभ्यर्थियों के 115 नामांकन पत्र जमा हुए हैं। सांकड़ा में 80 अभ्यर्थियों के 100, रामदेवरा में 74 अभ्यर्थियों के 99 और मोहनगढ़ में 76 अभ्यर्थियों के 97 नामांकन प्राप्त हुए हैं। भणियाणा में 84 अभ्यर्थियों के 92, खुहड़ी में 65 अभ्यर्थियों के 91, नाचना में 75 अभ्यर्थियों के 85 तथा राजमथाई में 70 अभ्यर्थियों के 79 नामांकन पत्र दाखिल हुए हैं।
अंतिम दिन जैसलमेर पंचायत समिति में 36 अभ्यर्थियों ने 47, भणियाणा में 60 ने 64, मोहनगढ़ में 29 ने 34, नाचना में 50 ने 55 और राजमथाई में 34 अभ्यर्थियों ने 39 नामांकन पत्र दाखिल किए।
इसी तरह रामदेवरा में 45 अभ्यर्थियों ने 61, रामगढ़ में 33 ने 41, सांकड़ा में 47 ने 55, खुहड़ी में 23 ने 31 और फतेहगढ़ में 35 अभ्यर्थियों ने 45 नामांकन पत्र प्रस्तुत किए। नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के साथ अब चुनावी मुकाबले की तस्वीर स्पष्ट होने की प्रक्रिया शुरू होगी।