
जैसलमेर. स्वर्णनगरी में इन दिनों पर्यटन का कारोबार रफ्तार पकड़ रहा है। होटल, रिसोर्ट, टैक्सी, पर्यटन गाइड और स्थानीय बाजारों को क्रिसमस-नववर्ष सीजन से बड़ी उम्मीदें हैं। हर साल की तरह इस बार भी हजारों पर्यटकों की आमद बढऩे वाली है, लेकिन इस आर्थिक रौनक के पीछे व्यवस्थाओं की कमजोर तस्वीर सामने आ रही है। पर्यटकों की बढ़ती संख्या के अनुरूप यातायात, पार्किंग, भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा का ढांचा मजबूत करने की प्रभावी तैयारी नजर नहीं आ रही। पिछले साल नववर्ष का जश्न मनाने हजारों पर्यटक जैसलमेर पहुंचे थे। भारी भीड़ के बीच व्यवस्थाएं बिगड़ीं और सैलानियों को परेशानी झेलनी पड़ी। उस अनुभव के बाद जिम्मेदारों के पास कमियां सुधारने के लिए पूरा साल था, लेकिन इस पर्यटन सीजन में भी वही चुनौतियां बरकरार हैं। पर्यटन कारोबार की संभावनाओं पर सबकी नजर है, लेकिन सैलानियों की सुरक्षा और सुविधाओं की जिम्मेदारी निभाने वाली व्यवस्थाओं में अपेक्षित सक्रियता दिखाई नहीं दे रही। यह स्थिति पर्यटन प्रबंधन की प्राथमिकताओं और जमीनी तैयारियों के बीच बड़ा अंतर उजागर करती है। सोनार दुर्ग में पर्यटकों की बढ़ती आवाजाही के बीच संकरी गलियां और सीमित निकास मार्ग सबसे संवेदनशील चुनौती हैं। एक साथ बड़ी संख्या में सैलानियों के पहुंचने पर पैदल आवागमन बाधित होने, भीड़ अनियंत्रित होने और भगदड़ का जोखिम पैदा हो सकता है।
सीजन में कमरों की मांग बढ़ते ही किरायों में अप्रत्याशित बढ़ोतरी और अतिरिक्त शुल्क वसूली की आशंका रहती है। दरों की पारदर्शिता और शिकायतों पर निगरानी नहीं होने से पर्यटकों को आर्थिक परेशानी उठानी पड़ सकती है। पर्यटन कारोबार का विस्तार केवल अधिक बुकिंग से नहीं, बल्कि उचित मूल्य और भरोसेमंद आतिथ्य से भी तय होता है।
भीड़ प्रबंधन: सोनार दुर्ग सहित प्रमुख पर्यटन स्थलों में नियंत्रित प्रवेश, निकास और संवेदनशील स्थानों पर निगरानी।
यातायात नियंत्रण: पर्यटक बसों, टैक्सियों और निजी वाहनों के लिए अलग संचालन व्यवस्था।
पार्किंग संकट: निर्धारित पार्किंग स्थलों की उपलब्धता और मुख्य मार्गों को जाममुक्त रखना।
किराया पारदर्शिता: होटल दरों, अतिरिक्त शुल्क और पर्यटक शिकायतों पर प्रभावी निगरानी।
आपातकालीन सुरक्षा: अग्निशमन, चिकित्सा सहायता और सुरक्षित निकासी का पुख्ता तंत्र।
जिम्मेदारों का पक्ष
सफाई के लिए नाइट शिफ्टिंग बढ़ा दी है। आवारा पशुओं को पकडऩे के लिए नया टेंडर हो चुका है। हर दिन शहर में 20-30 आवारा पशु पकड़े जा रहे हैं। पार्किंग के लिए तीन स्थान चयनित किए गए हैं। दीपावली पर लाइटिंग की व्यवस्था की गई है।
-पवन कुमार, आयुक्त, नगरपरिषद जैसलमेर
नव वर्ष पर सैलानियों की भीड़ को देखते हुए विशेष प्रबंध किए जा रहे हैं। यातायात व भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों पर विशेष ध्यान रहेगी। रात को भी यातायात पर ध्यान दिया जाएगा। पर्यटकों की सुरक्षा के लिए ट्यूरिस्ट बूथ स्थापित किए जा रहे हैं। पुलिस मोबाइल टीमें गश्त पर रहेगी।
-अभिषेक शिवहरे, पुलिस अधीक्षक, जैसलमेर
पर्यटन व्यवसायियों से संपर्क कर उन्हें पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं देने के लिए कहा जा रहा है। पर्यटकों की सुरक्षा पर भी ध्यान दिया जा रहा है। पर्यटन प्रतिष्ठानों पर आवश्यकत उपकरणों व फायर सेफ्टी से जुड़े संसाधनों को लेकर बैठकें पूर्व में की गई है। अधिकांश ने इस संबंध में व्यवस्थाएं भी की है। पूर्व में हुए हादसे अब नहीं हो और पर्यटकों की सुविधा व सुरक्षा को लेकर इस बार बेहतर प्रबंधन करने के प्रयास होंगे।
-कमलेश्वरसिंह, सहायक निदेशक, पर्यटन स्वागत केन्द्र, जैसलमेर