जैसलमेर

एक ही रात में टूटे तीन दुकानों के ताले, मचा हड़कंप

- पुलिस कर रही है मामले की जांच, खंगाले फुटेज

2 min read
Aug 28, 2021
एक ही रात में टूटे तीन दुकानों के ताले, मचा हड़कंप


पोकरण. कस्बे में शुक्रवार रात अज्ञात चोरों ने एक ही रात में ही तीन दुकानों के ताले तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। इस घटना से हड़कंप मच गया। गौरतलब है कि गत कई दिनों से मोटरसाइकिलों की चोरी की घटनाएं लगातार हो रही है। शुक्रवार की रात भी अज्ञात चोरों ने सदर बाजार तथा फोर्ट रोड के पास स्थित तीन दुकानों के ताले तोड़ दिए और सामान व नकदी चुरा ली। एक ही रात में तीन दुकानों के ताले टूटने की घटना से व्यापारियों व आमजन में हड़कंप मच गया। हालांकि रात को जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची तथा मौका मुआयना किया। साथ ही शनिवार को पुलिस की ओर से अज्ञात चोरों की तलाश के लिए दबिशें दी गई तथा चोरी की घटनाओं की जांच भी शुरू की गई।
तीन दुकानों के टूटे ताले, खंगाले फुटेज
कस्बे के फोर्ट रोड के पास स्थित अमृतलाल दर्जी की आमने-सामने स्थित दो दुकानों तथा सदर बाजार स्थित एक कपड़े की दुकान के शुक्रवार की देर रात 12 बजे बाद ताले व शटर तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया। देर रात एक बजे यहां से गुजर रहे लोगों ने शटर टूटे होने की सूचना दुकान मालिकों को दी। जिस पर दुकान मालिक मौके पर पहुंचे, तो उनके होश उड़ गए। उन्होंने पुलिस को इतिला दी। जिस पर थानाधिकारी महेन्द्रसिंह खींची के निर्देशन में पुलिस बल मौके पर पहुंचा। शनिवार को सुबह भी पुलिस ने मौका मुआयना किया तथा आसपास दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज खंगालकर मामले की जांच शुरू की।
मामला हुआ दर्ज
पुलिस के अनुसार वार्ड संख्या सात निवासी दुर्गादास पुत्र अमृतलाल दर्जी ने रिपोर्ट पेश कर बताया कि फोर्ट रोड पर उसकी कपड़े की दुकानें स्थित है। शुक्रवार रात 10 बजे दुकान बंद कर घर चले गए। रात्रि करीब एक बजे उन्हें दुकान के शटर टूटे होने की जानकारी मिली। जिस पर वे मौके पर पहुंचे और पुलिस को भी सूचना दी। दुकान में गले के ताले टूटे हुए थे तथा सामान अस्त व्यस्त पड़ा था। अज्ञात चोर दुकान के गले में रखी नकदी चुराकर ले गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की जांच हेड कांस्टेबल इशराराम कर रहे है। सदर बाजार में दुकान के शटर टूटने की घटना का मामला शनिवार देर शाम तक भी दर्ज नहीं करवाया गया था।

Published on:
28 Aug 2021 08:20 pm
Also Read
View All