जैसलमेर शहर में एक प्रेम प्रसंग के मामले ने शुक्रवार को उस समय तूल पकड़ लिया, जब शहर कोतवाली का घेराव कर खड़े लोगों पर पुलिस ने हल्का लाठीचार्ज कर खदेड़ा और कई युवकों ने पुलिस पर पत्थर बरसा दिए।
जैसलमेर शहर में एक प्रेम प्रसंग के मामले ने शुक्रवार को उस समय तूल पकड़ लिया, जब शहर कोतवाली का घेराव कर खड़े लोगों पर पुलिस ने हल्का लाठीचार्ज कर खदेड़ा और कई युवकों ने पुलिस पर पत्थर बरसा दिए। इस मौके पर पूर्व विधायक सांगसिंह भाटी भी थाने के मुख्य द्वार पर खड़े थे। उन्होंने पुलिस की कार्रवाई का विरोध किया और धरने पर बैठ गए। उनके साथ सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारी किशनसिंह भादरिया भी थे। भाटी ने आरोप लगाया कि पुलिस ने गलत ढंग से कार्रवाई की और लोगों पर लाठियां बरसाई। उन्होंने कहा कि पुलिस ने दो युवकों को पकड़ कर उनके साथ बुरी तरह से मारपीट की है। इससे पहले शुक्रवार सुबह से कोतवाली के सामने वाले हिस्से में बड़ी संख्या में युवती पक्ष के लोग जमे हुए थे। कई दिनों से घर से फरार युवक-युवती शुक्रवार को थाने में पेश होने वाले थे, इस आशय की सूचना पर लोग वहां जमे हुए थे। जानकारी के अनुसार दोपहर बाद युवक-युवती थाने पहुंचे और अपने बयान पुलिस को दिए। वहीं थाने के मुख्य द्वार पर लोगों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी। जिस पर उन्हें तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने हल्का बल प्रयोग किया। विवाद बढ़ जाने पर पुलिस के आला अधिकारी भी कोतवाली पहुंचे और विवाद को शांत करने के लिए प्रयास किया।