
जैसलमेर।
पोकरण कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण करने के बाद पहली बार पोकरण पहुंचे पूर्व सांसद व शिव विधायक कर्नल मानवेन्द्रसिंह का कस्बे में जगह-जगह स्वागत किया गया। कर्नल मानवेन्द्रसिंह, उनकी पत्नी चित्रासिंह गुरुवार को तीन बजे बाद पोकरण पहुंचे। जैसलमेर में बड़ी संख्या में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने उनका मालाएं पहनाकर स्वागत किया।
इस दौरान मानवेंद्र सिंह ने कार्यकर्ताओं से अपने स्वागत के लिए आभार जताया। साथ ही आगामी विधानसभा चुनाव में कड़ी मेहनत कर कांग्रेस प्रत्याशी के पक्ष में मतदान करने का आग्रह किया।
आपसी भाईचारे व सद्भाव को करें मजबूत
स्थानीय दयाल सैनिक राजपूत छात्रावास में आयोजित स्वागत समारोह व बैठक को संबोधित करते हुए कर्नल मानवेन्द्रसिंह ने कहा कि मारवाड़ क्षेत्र में हमेशा क्षत्रिय समाज ने अन्य समाजों के साथ मिलकर भाईचारे और आपसी सद्भाव को मजबूत करने के लिए कार्य किया है।
उन्होंने इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए उसे और मजबूत बनाने की बात कही। उन्होंने आगामी चुनाव में पार्टी, समाज, धर्म से ऊपर उठकर कार्य करने तथा सभी से मिल-जुलकर एक दूसरे का सम्मान व मदद करते हुए अपने इतिहास को स्वर्णिम बनाए रखने का आग्रह किया।
मानवेन्द्र ने कहा कि सभी के सहयोग व योगदान के बिना राष्ट्र व समाज की तरक्की संभव नहीं है। उन्होंने लोकतंत्र की मजबूती के लिए मतदान के महत्व को समझते हुए शत प्रतिशत मतदान करने की बात कही। उन्होंने स्वाभिमान यात्रा के दौरान मिले समर्थन के लिए सभी का आभार जताते हुए कहा कि स्वाभिमान सैनिकों की भावनाओं का सम्मान करते हुए उन्होंने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की।
उन्होंने उपस्थित लोगों ने आगामी चुनावों में इसी तरह सहयोग बनाए रखने का आग्रह किया। इस मौके पर उनकी पत्नी चित्रासिंह ने भी संबोधित करते हुए प्रदेशभर में उन्हें व उनके परिवार को मिल रहे अपार समर्थन के लिए आभार जताते हुए कहा कि यदि जनता चाहेगी तथा पार्टी का आदेश होगा, तो वे विधानसभा का चुनाव लड़ेंगी।