-जैसलमेर में टिड्डी नियंत्रण को लेकर कवायद-खातेदारी जमीन पर रात को होगा छिड़काव-साधन-संसाधन जुटाने की कवायद
जैसलमेर. जिला कलक्टर आशीष मोदी ने जिले में टिड्डी नियंत्रण के प्रति गंभीरतापूर्वक प्रयास करने तथा प्रभावी नियंत्रण के लिए सभी संभव उपायों को काम में लिए जाने की जरूरत पर बल दिया है। जिला कलक्टर ने उपखण्ड अधिकारियों की बैठक में कहा कि टिड्डी दल के नियंत्रण हेतु छिड़काव के लिए रसायन की निर्धारित मात्रा के अतिरिक्त के और जरीकेन साथ में रखा जाए, ताकि जरूरत पडऩे पर उसे काम में लिया जा सके। इस कार्य के लिए उपयोग में लिए जाने वाले ट्रेक्टर्स के भुगतान के लिए राजकीय आपदा राहत फंड के साथ ही क्षेत्र के भामाशाहों को ट्रेक्टर्स उपलब्ध करवाने के लिए प्रोत्साहित करें।
टिड्डी दल का पड़ाव रात में होता है, इसे देखते हुए रात को ही सभी प्रकार की तैयारियों को अच्छी तरह पूर्ण कर लें ताकि सुबह त्वरित कार्यवाही निष्पादित हो सके। उन्होंने कहा कि मेलेथियान का प्रयोग केवल सरकारी जमीन के लिए करने को कहा है। इस कार्य में लगने वाले ट्रेक्टर्स की पूरी लाइन लिस्ट तैयार रखने की भी बात मकह कही, जिससे आवश्यकता पडऩे पर इन्हें शीघ्रता से काम में लिया जा सके।
तुरंत दें टिड्डियों के आगमन की सूचना
जिला कलक्टर ने कहा कि समस्त राजीव गांधी सेवा केन्द्रों के बाहर सदृश्य स्थान पर सफेद बैक ग्राउंड पर टिड्डी नियंत्रण दल के महत्वपूर्ण नंबर पेंट करवाएं, साथ ही जिला कलक्टर द्वारा टिड्डी नियंत्रण के संबंध में जारी किया हुआ आदेश भी चस्पा करें। उन्होंने कहा कि टिड्डी दल के आगमन की सूचना टिड्डी नियंत्रण दल या संबन्धित अधिकारियों को शीघ्रातिशीघ्र उपलब्ध करवाने के लिए क्षेत्र के जन प्रतिनिधियों को प्रोत्साहित करें। खातेदारी जमीन पर रात में टिड्डी का ठहराव होने की स्थिति में ग्राम सेवा सहकारी समिति और सम्बन्धित सहकारिता निरीक्षक परस्पर तालमेल स्थापित करते हुए कृषक को रात में ही छिडकाव के लिए रसायन उपलब्ध करवाना सुनिश्चित करने को कहा। सभी एसडीएम को निर्देश दिए कि आगामी दो दिनों में अपने क्षेत्राधिकार के ग्राम सेवकए पटवारी और कृषि पर्यवेक्षकों की बैठक का आयोजन करें और टिड्डी नियंत्रण से संबंधित प्रभावी गतिविधियां करें।