जैसलमेर

Video: विश्व पर्यावरण दिवस पर जैसलमेर में गूंजा हरियाली और संरक्षण संदेश

कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में युवाओं, विद्यार्थियों, महिलाओं और आम नागरिकों ने भाग लेकर पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। इस दौरान प्रतिभागियों ने वृक्षों के महत्व, जल संरक्षण, प्लास्टिक प्रदूषण पर नियंत्रण तथा जैव विविधता के संरक्षण जैसे विषयों पर विचार साझा किए। अनेक स्थानों पर पौधे रोपकर उनके संरक्षण की जिम्मेदारी भी ली गई।
2 min read
Jun 05, 2026
Feature image
File PIC

विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शुक्रवार को जिले भर में पर्यावरण संरक्षण और हरित विकास को लेकर विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। विभिन्न सामाजिक संगठनों, शिक्षण संस्थानों, स्वयंसेवी समूहों तथा पर्यावरण प्रेमियों ने पौधरोपण, जागरूकता रैलियों, संगोष्ठियों और जनसंवाद कार्यक्रमों के माध्यम से प्रकृति संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुंचाया।

कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में युवाओं, विद्यार्थियों, महिलाओं और आम नागरिकों ने भाग लेकर पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। इस दौरान प्रतिभागियों ने वृक्षों के महत्व, जल संरक्षण, प्लास्टिक प्रदूषण पर नियंत्रण तथा जैव विविधता के संरक्षण जैसे विषयों पर विचार साझा किए। अनेक स्थानों पर पौधे रोपकर उनके संरक्षण की जिम्मेदारी भी ली गई।

पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेकर प्रकृति संवर्धन का संदेश दिया

राज्य सरकार के वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान-2026 के अंतिम दिन और विश्व पर्यावरण दिवस पर डाबला नर्सरी में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित हुआ। जिला पर्यावरण समिति ने एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत पौधरोपण किया और जल व पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई। जिला कलक्टर अनुपमा जोरवाल ने बरगद का पौधा रोपित किया और उपस्थित लोगों को जल व पर्यावरण संरक्षण की सामूहिक शपथ दिलाई। मुख्य कार्यकारी अधिकारी रश्मि रानी, उप वन संरक्षक कुमार शुभम सहित अनेक अधिकारी व ग्रामीणजन उपस्थित रहे।जिला कलक्टर जोरवाल ने डाबला नर्सरी में स्थापित डिजिटल कियोस्क का उद्घाटन किया, जिससे आमजन को पौधों व वन विभाग की सेवाओं की जानकारी मिलेगी। स्कूली बच्चों ने नुक्कड़ नाटक से जल संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि प्रकृति हमारी धरोहर है और हमें अधिक वृक्ष लगाकर, जल बचाकर व प्लास्टिक कम कर भविष्य सुरक्षित करना होगा।

पौधरोपण सहित विभिन्न कार्यक्रमों में युवाओं, विद्यार्थियों और नागरिकों की रही उत्साहपूर्ण भागीदारी

युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के मेरा युवा भारत जैसलमेर व राजस्थान राज्य भारत स्काउट एंड गाइड के संयुक्त तत्वावधान में विश्व पर्यावरण दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए गांधी कॉलोनी में जागरूकता रैली व पौधरोपण का आयोजन किया गया। मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी लालचंद नेहलिया, भारत स्काउट एंड गाइड सीओ कृतिका पाराशर व प्रधानाचार्य कंवराराम ने रैली को हरी झंडी दिखाई। कृतिका पाराशर ने जलवायु परिवर्तन और वनों की कटाई को पर्यावरण के लिए गंभीर खतरा बताया। उन्होंने नागरिकों से अधिक पेड़ लगाने, जल संरक्षण व प्लास्टिक उपयोग कम करने का आह्वान किया। कई स्थानों पर पौधरोपण कर उनकी देखभाल का संकल्प किया गया। उपस्थित लोगों ने स्वच्छ व हरित पर्यावरण की शपथ ली। एकलव्य, किशन घाट व अमर सागर युवक मंडलों के सदस्यों ने एक पेड़ मां के नाम एवं एक पेड़ लोकतंत्र की थीम पर पौधरोपण किया। इस अवसर पर कासम, अशोक, मुल्तानराम, भरत, पवन कुमार, जसवंत कुमार, कमल कुमार आदि उपस्थित रहे।

Updated on:
05 Jun 2026 09:25 pm
Published on:
05 Jun 2026 09:24 pm