जैसलमेर

मंत्री अधिकारियों के साथ फोटो खींचवाने की बजाय करें जनता की समस्याओं का निस्तारण : भाटी

- पेयजल संकट को लेकर भाजपा नेता ने लगाए आरोप

less than 1 minute read
May 27, 2021
मंत्री अधिकारियों के साथ फोटो खींचवाने की बजाय करें जनता की समस्याओं का निस्तारण : भाटी

पोकरण. भाजपा के वरिष्ठ व किसान नेता सांगसिंह भाटी ने पोकरण विधायक व अल्पसंख्यक मामलात मंत्री पर कटाक्ष करते हुए कहा कि महामारी के इस दौर में मंत्री अधिकारियों के साथ फोटो खिंचवा रहे है। दूसरी तरफ जनता पेयजल संकट से त्रस्त है। ग्रामीण क्षेत्रों में पानी के लिए हाहाकार मचा हुआ है। बावजूद इसके पेयजल संकट के निराकरण को लेकर जनप्रतिनिधि व अधिकारी कोई ध्यान नहीं दे रहे है। भाजपा नेता सांगसिंह भाटी ने बुधवार को पत्रिका से बातचीत करते हुए कहा कि रामदेवरा क्षेत्र में पोकरण-फलसूण्ड पेयजल लिफ्ट परियोजना की पाइपलाइन फूटी हुई है। फलसूण्ड क्षेत्र में कई जगहों पर पेयजल संकट की स्थिति बनी हुई है। जबकि अधिकारी व जनप्रतिनिधि मूकदर्शक बनकर बैठे है। उनकी ओर से जनता की समस्याओं के निराकरण को लेकर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कोरोना काल व नहरबंदी के बावजूद मंत्री ने समय रहते अधिकारियों के साथ बैठक कर पूर्व में कोई व्यवस्था नहीं की। यदि नहरबंदी से पूर्व ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था कर दी जाती, तो संकट की स्थिति उत्पन्न नहीं होती। उन्होंने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में बिगड़े पेयजल के हालातों के बावजूद मंत्री जलदाय विभाग के अधिकारियों को निर्देशित करने की बजाय प्रशासन व चिकित्सा विभाग के अधिकारियों के साथ फोटो खिंचवा रहे है। उन्होंने कहा कि फूटी पाइपलाइनों को ठीक करना अधिकारियों के क्षेत्राधिकार में है, लेकिन अधिकारी पूरी तरह से लापरवाही बरतते हुए पेयजल लिफ्ट परियोजना की पाइपलाइन को ठीक नहीं कर रहे है। जिससे लाखों गैलन शुद्ध पानी व्यर्थ बह रहा है। उन्होंने मंत्री को नसीहत दी कि वे फोटो खिंचवाने की बजाय ग्रामीण क्षेत्रों में जाकर हालात देखे और पेयजल संकट के निराकरण को लेकर अधिकारियों को निर्देशित करें, ताकि जनता को राहत मिल सके।

Published on:
27 May 2021 07:58 pm
Also Read
View All