- नगरपालिका ने हटाया अतिक्रमण, सामग्री की जब्त
पोकरण. पोकरण कस्बे में जैसे-जैसे नगरपालिका चुनाव नजदीक आते जा रहे है, वैसे-वैसे सरकारी भूमि पर अतिक्रमण का दौर चल पड़ रहा है। कस्बे में नगरपालिका की भूमि पर दिन रात अतिक्रमण का दौर चल रहा है। कई जगहों पर रातों-रात जमीन पर मकान खड़े हो रहे है। इस अतिक्रमण की बाढ़ में लोगों के बीच झगड़े भी हो रहे है। हालात यह है कि जमीन तो नगरपालिका की है, लेकिन झगड़ अन्य लोग रहे है। जमीन के टुकड़े को लेकर लोग आपस में झगड़े व मारपीट के लिए उतारू हो रहे है। ऐसा ही कस्बे में बीती रात को हुआ, जब पास-पास स्थित दो अतिक्रमणों को लेकर दो पक्षोंं में विवाद हो गया। कस्बे के रामदेवरा रोड पर बाईसा कॉलोनी के पीछे तथा रैन बसेरे व अंबेडकर भवन के पास दो लोगों की ओर से अतिक्रमण किया गया है। शुक्रवार रात दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया। दोनों पक्षों के बीच विवाद के दौरान फायरिंग भी हुई और मारपीट व झगड़ा भी। जिससे आसपास क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
हटाए दोनों अतिक्रमण
नगरपालिका की जमीन पर हुए अतिक्रमण व आपसी विवाद की जानकारी नगरपालिका को शनिवार को सुबह मिली। दोनों पार्टियों में आपसी विवाद के कारण नगरपालिका प्रशासन ने भी अतिक्रमण हटाने की हिम्मत दिखाई। शनिवार को सुबह नगरपालिका अध्यक्ष आनंदीलाल गुचिया व अधिशासी अधिकारी के निर्देश पर एक कमेटी का गठन किया गया तथा उन्हें तत्काल अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए। शनिवार को दोपहर तीन बजे बाद नगरपालिका के अतिक्रमण निरोधक दस्ते ने कनिष्ठ अभियंता अंजुमन अंसारी, जमादार घनश्याम जोशी, नेमीचंद, सुरेशकुमार के साथ पुलिस हेड कांस्टेबल कानाराम विश्रोई व मय जाब्ता की उपस्थिति में रैन बसेरे के पास किए गए दोनों अतिक्रमणों को हटाकर करोड़ों रुपए की सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त किया गया। यहां निर्माण करवाए गए कच्चे झोंपे ध्वस्त किए गए और निर्माण सामग्री को जब्त किया गया।