- 22 दिन बाद भी नाबालिग का पता नहीं लगा सकी पुलिस- सात दिन का अल्टीमेटम दिया
जैसलमेर। 22 दिन पहले जैसलमेर की एक आवासीय काॅलोनी निवासी नाबालिग लड़की के गायब होने के बाद उसका पता लगाने में पुलिस के विफल रहने के बाद गुस्साए मुस्लिम समाज के लोगों ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट पर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया और दोनों ओर से मार्ग जाम कर दिया। विरोध प्रदर्शन करने वाले लोगों के उग्र तेवरों को देखते हुए जिला कलक्टर आशीष मोदी और पुलिस अधीक्षक अजयसिंह उनके बीच पहुंचे। आगामी एक सप्ताह में बालिका को दस्तयाब करने के साथ मुख्य आरोपी को पकड़ने का भरोसा दिलाया गया। प्रदर्शनकारियों ने अल्टीमेटम दिया कि एक सप्ताह में पुलिस ने आश्वासन पूरा नहीं किया तो जिले भर में व्यापक आंदोलन चलाया जाएगा।
सैकड़ों की तादाद में जुटे प्रदर्शनकारी
इससे पहले मंगलवार को सैकड़ों की तादाद में मुस्लिम समाज के साथ आसपास के अन्य समाजों के लोग जुलूस के रूप में कलेक्ट्रेट के बाहर पहुंचे और प्रशासन व पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस मौके पर व्यापक पुलिस जाब्ता तैनात किया गया और कलेक्ट्रेट के दरवाजे बंद कर दिए गए। प्रदर्शनकारी वहीं सड़क पर जाम लगाकर बैठ गए। दोनों तरफ से रास्ता बंद हो गया। प्रदर्शनकारियों की तरफ से उस्मान शेरा और पप्पू खिलजी ने आरोप लगाया कि 22 दिन बीत जाने के बावजूद पुलिस मामले को लेकर गंभीर नहीं है। अभी तक नाबालिग बालिका को दस्तयाब नहीं किया गया है और न ही मुख्य आरोपी को पकड़ा गया है। उन्होंने कहा कि प्रशासन मरु महोत्सव और एक अभिनेता की आवभगत में मशगुल है। हमारी बहिन-बेटियां सुरक्षित नहीं है। स्थिति को बिगड़ता देखकर कलक्टर व पुलिस अधीक्षक प्रदर्शनकारियों के बीच पहंुचे और लोगांे को एक सप्ताह में उचित कार्रवाई करने का भरोसा दिलाया। पूर्व प्रधान अमरदीन फकीर, पार्षद सुमार खां, छोटू खां कंधारी, कांग्रेस सेवादल के खटन खां, पार्षद लीलाधर दैया आदि इस मौके पर प्रदर्शनकारियों के साथ थे।
फोटो: 328. जैसलमेर कलेक्ट्रेट के बाहर जमा प्रदर्शनकारी।