
जैसलमेर. स्वर्णनगरी में नवंबर के अंतिम दिनों में मौसम के दो मिजाज देखने को मिल रहे हैं। दिन में खिली तेज धूप गर्मी का अहसास करा रही है, वहीं रात ढलते ही ठंडक का असर बढ़ने लगा है। गुरुवार को अधिकतम तापमान 30.9 डिग्री और न्यूनतम तापमान 12.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दोनों के बीच 18.4 डिग्री का अंतर रहा। तापमान में इस बड़े अंतर के चलते दोपहर और रात के मौसम में स्पष्ट बदलाव महसूस किया जा रहा है।
सुबह सूरज निकलने के साथ मौसम सुहावना रहता है, लेकिन दिन चढ़ने के साथ धूप की तल्खी बढ़ने लगती है। दोपहर में खुले स्थानों पर धूप के कारण गर्मी महसूस होती है। इसके विपरीत सूर्यास्त के बाद तापमान गिरने से वातावरण में ठंडक घुलने लगती है। सुबह जल्दी और देर रात बाहर निकलने वाले लोगों को सर्दी का सामना करना पड़ रहा है। दिन और रात के मौसम में अंतर के चलते लोगों की दिनचर्या और पहनावे में भी बदलाव नजर आने लगा है। सुबह-शाम गर्म कपड़ों की जरूरत पड़ रही है, जबकि दोपहर में हल्के कपड़ों में भी काम चल रहा है।
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार गुरुवार को अधिकतम सापेक्ष आर्द्रता 47 प्रतिशत और न्यूनतम आर्द्रता 15 प्रतिशत दर्ज की गई। आर्द्रता के स्तर में अंतर के साथ तापमान का उतार-चढ़ाव मौसमी परिस्थितियों में बदलाव दर्शा रहा है। दिन का तापमान 30 डिग्री से ऊपर बने रहने से दोपहर में गर्मी का असर बरकरार है, वहीं न्यूनतम तापमान 12.5 डिग्री तक पहुंचने से रात और सुबह सर्दी महसूस होने लगी है। ऐसे में स्वर्णनगरी में दिन में गर्मी और रात में सर्दी का मिला-जुला दौर जारी है।
पोकरण. क्षेत्र में धीरे-धीरे सर्दी का असर बढऩे लगा है। हालांकि अभी तक कड़ाके की सर्दी का दौर शुरू नहीं हुआ है, लेकिन सुबह व रात में सर्द हवा के चलते लोगों को गर्म व ऊनी वस्त्र पहनने पड़ रहे है। गुरुवार को सुबह सर्द हवा चल रही थी। जिससे लोगों की दिनचर्या देरी से शुरू हुई। सुबह 9 बजे बाद बाजारों में चहल पहल दिखी। दोपहर में तेज धूप खिली और तेज हवा भी दिनभर चलती रही, जिससे मौसम मिला-जुला रहा। शाम ढलने के बाद सर्दी का असर फिर बढ़ गया। सर्दी की दस्तक के साथ ही गर्म व ऊनी वस्त्रों की दुकानें भी सजने लगी है। फुटपाथ पर भी कंबल आदि की दुकानें लग रही है और लोग खरीदारी भी कर रहे है।