
लाठी. क्षेत्र में प्रतिदिन हजारों की तादाद में ग्रामीणों की आवाजाही रहती है। बावजूद इसके यहां आग को बुझाने के लिए दमकल की सुविधा नहीं होने के कारण लोगों को असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। लाठी कस्बे में कस्बे में छोटी बड़ी करीब 150 से अधिक दुकानें हैं, लेकिन किसी भी प्रकार की आग लगने की घटना होने पर आग बुझाने के लिए यहां पर दमकल की सुविधा नहीं होने से बड़ी समस्या हो रही है। लाठी गांव के पास आसपास दर्जनों की तादाद में छोटे बड़े गांव, फिल्ड फायरिंग रेंज और शक्तिपीठ भादरिया है।
क्षेत्र में ग्राम पंचायत मुख्यालय पर दमकल वाहन की जरूरत लंबे समय से महसूस की जा रही है।
लेकिन जिम्मेदारों की ओर से इस ओर ध्यान आकर्षित नहीं करन से समस्या बढ़ती जा रही है।
घटित हो चुकी है घटनाएं
रविवार को लाठी के सोढ़ाकोर गांव में रहवासी झोपड़ी में अचानक आग लग गई, जिससे झोपड़ी में रखे अनाज, नगदी व सोने-चांदी के आभूषण सहित झोपड़ा जलकर खाक हो गया, जिससे लाखों रुपए का नुकसान हो गया। करीब डेढ़ साल पूर्व लाठी कस्बे में आग लगने से दोनों केबिन जल गई थी। इस दौरान लाखों रुपए का सामान जलकर राख हो गया था। इसी तरह छोटी-बड़ी कई घटना हो चुकी हैं। समय रहते दमकल सुविधा नहीं मिलने के कारण भविष्य में भी बड़ी घटनाएं होने की आशंका है। जानकार बताते हैं कि दमकल की व्यवस्था होती तो आग पर काबू पाया जा सकता था, लेकिन इस घटना के पश्चात भी आग पर काबू पाने के लिए दमकल की व्यवस्था नहीं थी। करीब 3 वर्ष पूर्व अचानक से आग लगने से वहां भी लाखों रुपए का सामान जलकर राख हो गया था। इस तरह की छोटी-बड़ी 1 दर्जन से अधिक घटनाएं हो चुकी हैं। गौरतलब है कि जैसलमेर जिले का लाठी गांव फिल्ड फायरिंग रेंज, शक्तिपीठ भादरिया होने पूरे राजस्थान में अपनी पहचान बना चुका है। सेना की ओर से परीक्षण के दौरान हजारों की तादाद में सेना आती है तथा शक्तिपीठ भादरिया में मेले के दौरान यहां पर पर हजारों की तादाद में श्रद्धालुओं का हुजूम उमड़ता है।
ग्राम पंचायत मुख्यालय होने के बाद भी दमकल नहीं
लाठी ग्राम पंचायत मुख्यालय बड़ा होने के बाद भी यहां पर दमकल की सुविधा नहीं है। पोकरण व जैसलमेर से आने में दमकल को कई घंटे लग जाते है। इस दौरान दमकल समय पर नहीं पहुंचने पर भारी नुकसान हो जाता है। पूर्व में आग लगने से कई बड़े हादसे हो चुके हैं। इस और जिम्मेदारों को ध्यान देने की जरूरत है।
-शिवरतन पंवार निवासी लाठी
धार्मिक नगरी में दमकल होना जरूरी
शक्तिपीठ भादरिया में विश्वविख्यात भादरिया माता मंदिर, लाइब्रेरी केंद्र गौशाला है। ऐसे में यहां पर आगजनी की घटना हो जाने पर दमकल की सुविधा नहीं होने से भारी नुकसान होने की आशंका बनी रहती हैं। इसको देखते हुए ग्राम पंचायत मुख्यालय में दमकल होना जरूरी है।
-जुगल किशोर आसेरा, सचिव जगदंबा सेवा समिति ट्रस्ट, भादरिया
फिल्ड फायरिंग रेंज होने के कारण आवश्यक
लाठी क्षेत्र में फिल्ड फायरिंग रेंज होने के कारण यहां पर कई बार आर्मी के परीक्षण चलते रहते हैं। परीक्षण के दौरान आगजनी की घटनाओं को रोकने के लिए दमकल जरूरी है।
-सत्यनारायण पालीवाल, निवासी
सोढ़ाकोर में भी दमकल सुविधा नहीं
सोढ़ाकोर में हुई आग लगने की दमकल की सुविधा नहीं मिलने से रहवासी झोपड़ा जलकर पूर्ण रूप से खाक हो गया। यदि लाठी ग्राम पंचायत मुख्यालय में दमकल की सुविधा होती तो लाखों का नुकसान होने से बचा जा सकता था।
-भीमाराम मेघवाल, निवासी सोढ़ाकोर
भविष्य में भी खतरे की आशंका
लाठी क्षेत्र में आग लगने की घटनाएं कई बार सामने आती हैं। ऐसे में समय की आवश्यकता के अनुसार यहां पर दमकल की आवश्यकता है।दीपावली पर्व के मौके पर भी खतरे की आशंका है। ऐसे में दमकल की सुविधा तत्काल दिवाली पर पर उपलब्ध कराने की जरूरत है।
-धर्मेन्द्र पंवार निवासी लाठी
पीडि़तों को मिले तत्काल सुविधा
पूर्व में भी घटनाओं को देखते हुए यहां दमकल की रिश्ता होना जरूरी है, ताकि किसी भी प्रकार की घटना होने पर पीडि़त लोगों को तत्काल दमकल की सुविधा मिल सके ।
-शंकरलाल बिश्नोई निवासी धोलिया
दीपावली से पहले हो दमकल की व्यवस्था
लाठी सहित आसपास के स्थानों पर दमकल की सुविधा नहीं होने से ग्रामीणों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इसी को देखते हुए लाठी ग्राम पंचायत मुख्यालय पर दमकल दिपावली से पूर्व लगाई जाएं।
-बाबूलाल खेतानी निवासी धोलिया।