
सीमावर्ती जैसलमेर शहर से लेकर गांवों तक हाड़ कम्पाने वाली सर्दी का दौर लगातार घनीभूत होता जा रहा है। गत वर्ष की अंतिम रात से शुरू हुआ सर्दी का थर्ड डिग्री टॉर्चर सोम और मंगलवार की दरम्यानी रात को इस सीजन में रिकॉर्ड स्तर तक पहुंच गया और पारा पहली बार ५.४ डिग्री तक लुढक़ गया। लोगों को दो-दो रजाइयों में दुबक कर भी चैन नहीं मिला। रही-सही कसर मंगलवार सुबह आकाश में छाई धुंध ने पूरी कर दी। पूरा शहर व ग्रामीण इलाके सुबह ९ बजे के बाद तक कोहरे के लिहाफ में बुरी तरह से लिपटे हुए नजर आए। इसके बाद धूप की किरणें बिखरी तब कहीं जाकर लोगों को थोड़ी राहत मिलना शुरू हुई। मंगलवार दिन में धूप सुहाती रही और लोगों ने उसके जरिए स्वयं को ऊष्ण किया।
नहीं मिल रही राहत
जिले में बीते तीन दिन से कोहरे के साथ चल रही शीतलहर का सितम लगातार जारी है। कंपाकंपा देने वाली सर्दी का दौर रात के साथ दिन में भी जारी है। मंगलवार को स्वर्णनगरी में दिन भर बर्फीली हवाओं का दौर बना रहा। रात के अलावा दिन में भी लोग अलाव तापकर या कमरों में हीटर चला कर सर्दी में गर्मी पाने का जतन करते हुए देखे जा रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार जैसलमेर का न्यूनतम तापमान ५.४ डिग्री सेल्सियस व अधिकतम तापमान २० डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। चांधन सहित ग्रामीण क्षेत्रों में तापमान में और गिरावट आई है।
कोहरे ने ने बढ़ाई परेशानी
सुबह के समय कोहरा नहीं छंटने से वाहन चालकों को परेशान होना पड़ रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों व खुले स्थानों पर सूर्य उदय से सुबह करीब १० बजे तक वाहन चालकों को बहुत सावधानी से गाड़ी चलानी पड़ रही है। सडक़ पर कई बार ५ से १० मीटर दूरी से आ रहे वाहन दिखाई नहीं दे रहे। बर्फीली हवाएं चलने से सर्दी का असर अधिक हो गया है।