जैसलमेर

पोकरण व भणियाणा में अधिकारियों की बैठक हुई आयोजित

- कलक्टर, एसपी व अधिकारियों के उपस्थित नहीं होने पर मंत्रियों ने जताया रोष- समस्याओं को लेकर अधिकारियों को किया निर्देशित

2 min read
Aug 28, 2021
पोकरण व भणियाणा में अधिकारियों की बैठक हुई आयोजित


पोकरण. पोकरण के नगरपालिका सभागार व क्षेत्र के भणियाणा गांव स्थित पंचायत समिति सभागार में शुक्रवार को अधिकारियों की बैठकों का आयोजन किया गया। राजस्थान सरकार के अल्पसंख्यक मामलात, वक्फ एवं जन अभियोग निराकरण विभाग मंत्री व पोकरण विधायक शाले मोहम्मद तथा जिला प्रभारी मंत्री व वन एवं पर्यावरण मंत्री सुखराम विश्रोई ने बैठक के दौरान जिला कलक्टर, पुलिस अधीक्षक सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारियों के उपस्थित नहीं होने पर रोष जताया तथा अनुपस्थित अधिकारियों के विरुद्ध नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। पोकरण में आयोजित बैठक में नगरपालिका अध्यक्ष मनीष पुरोहित, अतिरिक्त जिला कलक्टर हरिसिंह मीणा, उपखंड अधिकारी राजेश विश्रोई, पुलिस उपाधीक्षक मोटाराम गोदारा, सहायक निदेशक लोकसेवाएं सांवरमल रैगर, तहसीलदार बंटी राजपूत, नगरपालिका नेता प्रतिपक्ष नारायणलाल रंगा तथा भणियाणा में आयोजित बैठक में प्रधान दौलीदेवी गोदारा, सरपंच राजेन्द्र जाखड़, कांग्रेस नेता अब्दुला फकीर सहित अधिकारी, कर्मचारी, जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। मंत्रियों ने बैठक की शुरुआत में ही जिला स्तरीय अधिकारियों की अनुपस्थिति पर रोष जताया तथा अतिरिक्त जिला कलक्टर को संबंधित अधिकारियों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
गंदा पानी मिल रहा, तो फिल्टर सिस्टम का क्या मतलब
जिला प्रभारी मंत्री विश्रोई ने जलदाय विभाग के अधिकारियों से बातचीत करते हुए कस्बे व ग्रामीण क्षेत्रों में गंदे पानी की आपूर्ति पर कहा कि जब पोकरण-फलसूण्ड पेयजल लिफ्ट परियोजना पर फिल्टर प्लांट लगा है, तो गंदा पानी क्यों आपूर्ति हो रहा है। फिर फिल्टर सिस्टम का मतलब ही क्या है। उन्होंने पेयजल संबंधित समस्याओं के निराकरण के लिए निर्देशित किया। अल्पसंख्यक मामलात मंत्री शाले मोहम्मद ने अधूरे कार्यों को पूर्ण करने की बात कही।
मौके पर जाकर सैम्पल लो
मंत्री शाले मोहम्मद व विश्रोई ने सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधिकारियों से कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। इस दौरान अधिकारियों से पूछा कि निविदा होने पर काम की दर अधिक होती है या ठेकेदार कम रेट पर काम ले रहे है। जिस पर अधिकारियों ने कम दर पर हो रहे कार्य की जानकारी दी। मंत्रियों ने कहा कि जब कम दर पर ठेकेदार काम ले रहे है, तो उसकी गुणवत्ता कैसी होगी। उन्होंने प्रत्येक कार्य के मौके पर जाकर डामर, पत्थर, कंकरीट आदि के नमूने लेने और उसकी जांच करने के निर्देश दिए।
अन्य समस्याओं पर हुआ मंथन
मंत्रियों ने मनरेगा के तहत अधिकाधिक श्रमिकों को रोजगार दिलाने, सरकारी योजनाओं की प्रगति को लेकर निर्देशित किया। साथ ही विकास कार्य गुणवत्ता के साथ करने की बात कही। उन्होंने प्रत्येक विभाग के अधिकारियों से विभागवार जानकारी ली तथा प्रगति को लेकर चर्चा की। उन्होंने औषधीय पौधे वितरण के कार्यक्रम की जानकारी ली तथा आवश्यक निर्देश दिए। विशेष रूप से भणियाणा क्षेत्र में पेयजल संकट से लोगों को निजात दिलाने के लिए निर्देशित किया। पोकरण, भणियाणा व नाचना में खेल मैदान व स्टेडियम के कार्य को करवाने, कृषि उपज मंडी के लिए भूमि स्वीकृत करवाने के लिए प्रस्ताव तैयार कर भिजवाने, डिस्कॉम अधिकारियों को नए जीएसएस के लिए भूमि के प्रस्ताव तैयार करने, नई ग्राम पंचायतों में माध्यमिक व उच्च माध्यमिक विद्यालयों के लिए प्रस्ताव तैयार कर भिजवाने, फसलों की बुआई से पूर्व डीएपी व यूरिया खाद बीज उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए।

Published on:
28 Aug 2021 08:18 pm
Also Read
View All