जैसलमेर

jaisalmer: चेलक में दो किसान परिवारों के घरों से सवा करोड़ चोरी, सुबह खुला चोरी का राज

जैसलमेर। चेलक गांव में मंगलवार रात चोरों ने दो किसान परिवारों के घरों को निशाना बनाकर करीब सवा करोड़ रुपए के जेवरात और नकदी चोरी कर ली। दोनों वारदातों के दौरान परिवार के सदस्य घरों में सो रहे थे, लेकिन सुबह अलमारियों के ताले टूटे और सामान बिखरा मिलने पर चोरी का पता चला। सूचना पर खुहड़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थलों का मुआयना कर जांच शुरू की।
2 min read
• •
Oct 07, 2026
jaisalmer
जैसलमेर. चेलक गांव में चोरी की वारदात वाले घर के पास मिले पैरों के निशान।

जैसलमेर. जिले के चेलक गांव में मंगलवार रात चोरों ने दो किसान परिवारों के घरों को निशाना बनाते हुए करीब सवा करोड़ रुपए के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। दोनों वारदातों के दौरान परिवार के सदस्य घरों में सो रहे थे, लेकिन उन्हें चोरी की भनक तक नहीं लगी। बुधवार सुबह कमरों का सामान बिखरा और अलमारियों के ताले टूटे मिले, तब वारदात का पता चला। सूचना पर खुहड़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थलों का बारीकी से मुआयना किया।सुखपालसिंह के घर से 20 लाख रुपए नकद और करीब 72 लाख रुपए कीमत का 45 तोला सोना चोरी हुआ है। वहीं, हीरसिंह (नीमसिंह) के घर से करीब 10 लाख रुपए कीमत का 7 तोला सोना, 15 लाख रुपए कीमत की चांदी और नकदी चोरी होने की जानकारी सामने आई है। परिजनों के अनुसार घर में रखी नकदी जीरा बेचने से मिली थी।

कूलर और एसी की आवाज में नहीं लगी भनक

परिजनों के अनुसार रात में घर के अंदर एसी और कूलर चल रहे थे। इनकी आवाज के कारण संभवत: चोरों की गतिविधि का पता नहीं चला। चोर देर रात घरों में घुसे और सामान खंगालने के बाद फरार हो गए। सुबह परिवार के सदस्य उठे तो कमरों में सामान बिखरा मिला और अलमारियां खुली पड़ी थीं। इसके बाद चोरी की सूचना पुलिस को दी गई। दोनों पीड़ित परिवारों के घर एक-दूसरे से दूरी पर स्थित हैं। इसके बावजूद चोरों ने एक ही रात में दोनों घरों को निशाना बनाया। घटना के बाद ग्रामीणों में भी दहशत का माहौल है।

घटनास्थल से मिले पैरों के निशान

खुहड़ी थाना पुलिस ने घटनास्थलों का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। घरों के आसपास चोरों के पैरों के कई निशान मिले हैं। पुलिस ने इन्हें सुरक्षित कर लिया है। मौके से साक्ष्य जुटाने के लिए एमओबी टीम को भी बुलाया गया। थानाधिकारी भागुराम ने बताया कि मामले की जांच के लिए पुलिस की विशेष टीमें गठित की गई हैं। आसपास के रास्तों और संभावित आवागमन वाले स्थानों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर चोरों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।

गश्त बढ़ाने की मांग

लगातार दो घरों में बड़ी चोरी की घटना के बाद ग्रामीणों ने क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि रात के समय निगरानी मजबूत होने से ऐसी वारदातों पर अंकुश लगाया जा सकता है। ग्रामीणों ने पुलिस से जल्द आरोपियों की पहचान कर चोरी गए जेवरात और नकदी बरामद करने की मांग की है।

Updated on:
07 Oct 2026 09:06 pm
Published on:
07 Oct 2026 09:05 pm