जैसलमेर

धड़ल्ले से निकल रहे ओवरलोड वाहन

- पुलिस व परिवहन विभाग बनी मूकदर्शक- हादसों के बाद भी नहीं ले रहे सबक

2 min read
Mar 31, 2021
धड़ल्ले से निकल रहे ओवरलोड वाहन

पोकरण. यातायात पुलिस व परिवहन विभाग के ढुलमुल रवैये के चलते धड़ल्ले से ओवरलोड वाहनों का संचालन हो रहा है तथा लोग अपनी जान जोखिम में डालकर छोटे व मालवाहक वाहनों पर सवार होकर यात्रा करने के लिए मजबूर है। वाहनों के ऊपर बैठकर यात्रा करने वालों को न तो गर्मी की, न आंधी, न लू के थपेड़ों की परवाह रहती है, न ही कानून की, उनका तो मात्र एक ही लक्ष्य है कि जैसे भी हो अपने गंतव्य स्थल तक पहुंचना है। कस्बे में लम्बे समय से ओवरलोड वाहनों के संचालन का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। दूसरी तरफ यातायात पुलिस व परिवहन विभाग अपनी आंखों के सामने यातायात नियमों का उल्लंघन होते देख रहा है तथा उचित कार्रवाई के अभाव में ओवरलोड वाहन चालकों के हौसले बुलंद हो रहे है। क्षमता से अधिक सवारियां भरकर वाहन चालक लोगों की जान जोखिम में डालकर धड़ल्ले से उन्हें सफर करवा रहे है।
अधिकांश वाहन मालवाहक
क्षेत्र में बड़े गांवों की ओर जाने वाली अधिकांश बसों में ऊपर नीचे ठूंस-ठूंस कर सवारियां भरने का सिलसिला लम्बे समय से चल रहा है, तो आसपास के छोटे गांवों की तरफ जाने वाले अधिकांश वाहन पिकअप, बोलेरो कैम्पर जैसे माल वाहक है, जो खुलेआम सवारियां भरकर राष्ट्रीय राजमार्गों पर सरपट दौड़ते देखे जा सकते है। हालांकि कभी कभार यातायात पुलिस व राष्ट्रीय राजमार्ग मोबाइल याततायात पुलिस की ओर से अभियान चलाकर ओवरलोड व अवैध वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई भी की जाती है, लेकिन ओवरलोड मालवाहक वाहनों का संचालन बद्स्तूर जारी है।
दुर्घटनाओं से भी नहीं लिया सबक
क्षेत्र में ऐसे ओवरलोड व छोटे वाहनों के कई बार असंतुलित होकर पलटी खा जाने, ऊपर बैठे यात्रियों के फिसलकर गिर जाने व बड़े वाहनों से टकराकर हुई दुर्घटना में अब तक कई लोगों की जानें जा चुकी है। इसके बावजूद भी न तो वाहन चालक, न यात्री इससे सबक ले रहे है, न ही पुलिस व परिवहन विभाग की ओर से इनके विरुद्ध कोई कड़ी कार्रवाई की जा रही है। कस्बे में प्रतिदिन दर्जनों वाहन ऊपर नीचे भरकर व पीछे लटकते यात्रियों को अपने छोटे से लाभ के लिए यात्रा करवाते देखे जा सकते है।
कोरोना का भी नहीं है भय
देश में गत एक वर्ष से कोरोना संक्रमण की महामारी चल रही है। महामारी के दौरान सरकार की ओर से जारी गाइडलाइन के अनुसार वाहनों में सफर करने के समय सोशल डिस्टेंसिंग की पालना आवश्यक है, लेकिन क्षेत्र में संचालित हो रहे ओवरलोड वाहनों में नियमों का खुलेआम उल्लंघन हो रहा है। सवारियां एक दूसरे से सटकर बैठ रही है। जिससे संक्रमण के बढऩे का भी खतरा मंडरा रहा है। बावजूद इसके पुलिस की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है।

Published on:
31 Mar 2021 09:16 pm
Also Read
View All