जैसलमेर

यातायात नियमों का पालन नहीं करने पर पुलिस ने की यह कार्रवाई,ओवरलोड ट्रक को…

लाठी पुलिस ने रविवार की रात्रि में नाकाबंदी के दौरान अवैध, ओवरलोड व यातायात नियमों का पालन नहीं करने पर वाहन चालकों के विरुद्ध कार्रवाई की।
2 min read
Jul 03, 2018
overloaded truck seized by lathi police
overloaded truck seized by lathi police

जैसलमेर. लाठी पुलिस ने रविवार की रात्रि में नाकाबंदी के दौरान अवैध, ओवरलोड व यातायात नियमों का पालन नहीं करने पर वाहन चालकों के विरुद्ध कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार रविवार की रात्रि में थानाधिकारी राजूराम सीरवी के नेतृत्व में नाकाबंदी की जा रही थी। इस दौरान यहां से गुजर रहे एक ओवरलोड ट्रेलर को रुकवाकर जांच की गई। चालक के पास पर्याप्त कागजात नहीं पाए जाने पर ट्रेलर जब्त किया गया।

अहमदाबाद से आए श्रद्धालुओं ने किए दर्शन
रामदेवरा. गुजरात के अहमदाबाद से आए श्रद्धालुओं ने बाबा रामदेव की समाधि के दर्शन कर पूजा-अर्चना की। सोमवार को अहमदाबाद से बड़ी संख्या में श्रद्धालु रामदेवरा पहुंचे। पैदल संघ का नेतृत्व कर रहे उमेशभाई ने बताया कि 14 दिनों में 600 किमी का सफर तय कर सभी श्रद्धालु सोमवार को रामदेवरा पहुंचे तथा कतारबद्ध होकर बाबा रामदेव की समाधि के दर्शन किए। दर्शनों के बाद श्रद्धालुओं ने परचा बावड़ी, झूला पालना, रामसरोवर का भ्रमण किया तथा बाजार से जमकर खरीदारी की। श्रद्धालुओं की आवक से गांव में चहल पहल देखने को मिली।

छात्राएं करेगी पीएम से मुलाकात
पोकरण. स्थानीय सरस्वती विद्या मंदिर उच्च माध्यमिक विद्यालय की दो छात्राएं सात जुलाई को जयपुर में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात करेगी। विद्यालय के व्यवस्थापक सुरेन्द्र केवलिया ने बताया कि 12वीं वाणिज्य वर्ग में भावना रंगा व 10वीं में आयुषी छंगाणी के जिले में सर्वाधिक अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान अर्जित करने पर प्रधानमंत्री के जयपुर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुलाकात के लिए चयन किया गया है। उन्होंने बताया कि ये छात्राएं सात जुलाई को जयपुर जाएंगी तथा प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात करेगी।

मेधावी विद्यार्थियों को मिलेंगे लेपटॉप
जैसलमेर. स्थानीय गांधी बाल मन्दिर उच्च माध्यमिक विद्यालय में संस्था के संस्थापक व मंत्री स्व. कुन्दनमल जैन की प्रथम पुण्य तिथि पर विद्यालय के मेधावी विद्यार्थियों का अभिनन्दन कर लेपटॉप वितरित किए जाएंगे। कक्षा बारहवीं विज्ञान वर्ग से सर्वोच्च अंक प्राप्त डिम्पल पंवार, वाणिज्य वर्ग से हर्षवर्धन और कक्षा दसवीं से वनीला खत्री को लेपटॉप पुरस्कार दिए जाएंगे। इसके साथ ही कक्षा बारहवीं कला वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त रागिनी राठौड़, विज्ञान वर्ग में 80 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त विद्याथी रेखा, जयेश दैया, किरण पंवार, लव कुमार, कक्षा 10 वीं की विनिता देवपाल का भी अभिनंदन किया जाएगा। समारोह के मुख्य अतिथि जिला प्रमुख अंजना मेघवाल होगी।

Published on:
03 Jul 2018 09:14 pm