जैसलमेर

Video: रामदेवरा के पास खुले में पड़े सैकड़ों मृत गोवंश मिलने की सूचना से मचा हड़कंप

जैसलमेर शहर के समीप बड़ा बाग मार्ग स्थित डंपिंग यार्ड पर सैकड़ों की संख्या में गोवंश मिलने का लेकर बवाल अभी भी थमा ही नहीं था कि रामदेवरा क्षेत्र के निकट राष्ट्रीय राजमार्ग -11 के किनारे स्थित ओरण क्षेत्र में खुले में सैकड़ों मृत गोवंश पड़े मिलने का एक और मामला सामने आया है। घटना का वीडियो गुरुवार रात सोशल मीडिया पर वायरल होते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया और गो भक्तों में भारी आक्रोश फैल गया।

2 min read
May 29, 2026
रामदेवरा. गौशाला का पहुंचे एस डी एम हीर सिंह चारण जानकारी लेते हुए।

जैसलमेर शहर के समीप बड़ा बाग मार्ग स्थित डंपिंग यार्ड पर सैकड़ों की संख्या में गोवंश मिलने का लेकर बवाल अभी भी थमा ही नहीं था कि रामदेवरा क्षेत्र के निकट राष्ट्रीय राजमार्ग -11 के किनारे स्थित ओरण क्षेत्र में खुले में सैकड़ों मृत गोवंश पड़े मिलने का एक और मामला सामने आया है। घटना का वीडियो गुरुवार रात सोशल मीडिया पर वायरल होते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया और गो भक्तों में भारी आक्रोश फैल गया।

वीडियो में खुले में पड़े सैकड़ों मृत गोवंश दिखाई देने पर लोगों ने इसे गंभीर लापरवाही बताया। सूचना मिलने पर पोकरण स्थित गोशाला के कार्मिक मौके पर पहुंचे और तत्काल गड्ढा खुदवाकर सभी मृत गोवंश का वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण कराया। इसके बाद क्षेत्र में फैली तेज दुर्गंध और संक्रमण के खतरे को देखते हुए पूरी सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की गई। मामले की जानकारी मिलते ही उपखंड अधिकारी हीरसिंह चारण शुक्रवार शाम करीब चार बजे मौके पर पहुंचे और स्थिति का निरीक्षण किया। उन्होंने बाबा रामदेव गोशाला पहुंचकर गोवंश के चारे, पानी, उपचार व्यवस्था तथा मृत गोवंश के निस्तारण की पूरी प्रक्रिया की जानकारी ली। इस दौरान रामदेवरा पटवारी ललित पालीवाल, पशु चिकित्सा विभाग के वरिष्ठ सहायक पृथ्वीराज सोलंकी सहित अन्य कार्मिक मौजूद रहे।

जानकारी में सामने आया कि हड्डी ठेका व्यवस्था से जुड़े लोग मृत गोवंश को निर्धारित गड्ढों में वैज्ञानिक तरीके से दफनाने के बजाय ओरण क्षेत्र में खुले में डाल रहे थे, जिससे वहां शवों का ढेर लग गया था। आसपास के क्षेत्रों से भी मृत गोवंश लाकर खुले में फेंके जाने की बात सामने आई है। इससे क्षेत्र में गंभीर स्वास्थ्य और पर्यावरणीय संकट उत्पन्न हो गया था। स्थानीय लोगों के अनुसार खुले में शव पड़े रहने से पूरे क्षेत्र में तेज दुर्गंध फैल गई थी और संक्रमण फैलने का खतरा बढ़ गया था। वीडियो वायरल होने के बाद लोगों ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। प्रशासन ने मामले की जांच के निर्देश दिए हैं और स्पष्ट किया है कि मृत गोवंश का निस्तारण केवल वैज्ञानिक प्रक्रिया के तहत ही किया जाए, अन्यथा संबंधित पर कार्रवाई की जाएगी।

जानकारी मिलते ही शवों का वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण

गोशाला में बीमार, घायल गोवंश आता है तो उनका इलाज किया जाता है। उनमें कुछ गोवंश की इलाज के दौरान मृत्यु हो जाती है तो मृत गोवंश को ले जाने वाले कार्मिको को मृत गोवंश को गड्ढे में डालकर निस्तारण करने के निर्देश दिए हुए है। हड्डी का ठेका लेने वाले खुले में मृत गोवंश को डाल रहे थे। आस-पास के क्षेत्रों से भी मृत गोवंश को खुले ओरण में डालने से मृत गोवंश का ढेर लग गया था। इसकी जानकारी हमें भी गुरुवार रात को मिली थी। जानकारी मिलते ही खुले में डाले सभी मृत गोवंश के शवों का वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण किया गया।

- जयकिशन दवे, बाबा रामदेव गोशाला,रामदेवरा।

मामले का संज्ञान लेते हुए किया निरीक्षण

सोशल मीडिया पर मृत गोवंश को वायरल वीडियो की जानकारी मिलते ही मैने स्वयं ने मामले का संज्ञान लेते हुए निरीक्षण किया। गोशाला में सभी व्यवस्थाएं संतोषजनक है। कोई भी मृत गोवंश को खुले में नहीं डाले, इसको को लेकर ठोस कार्रवाई की जाएगी।

- हीरसिंह चारण, एसडीएम, पोकरण।

Published on:
29 May 2026 08:34 pm
Also Read
View All