जैसलमेर

विद्युत आपूर्ति में घंटों लम्बे व्यवधान ने डाला रंग में भंग,सबसे ज्यादा परेशान हुए परीक्षार्थी

जिम्मेदार ढूंढते रहे ‘फाल्ट’, बेहाल लोग करते रहे इंतजार -जैसलमेर मुख्यालय पर घंटों लम्बी विद्युत कटौतियों ने किया हैरान
2 min read
Mar 23, 2019
Feature image

जैसलमेर. होली जैसे बड़े त्योहार के मौके पर विद्युत आपूर्ति में घंटों लम्बे व्यवधान ने रंग में भंग कर दिया। पिछले तीन-चार दिनों से जैसलमेरवासी दिन, दोपहर, शाम और रात के दौरान कई-कई घंटों तक बिजली गुल रहने से हैरान-परेशान हो गए। उधर, जिम्मेदार महकमे के अधिकारी व तकनीकी स्टाफ ‘फॉल्ट’ ढूंढ़ते रह गए। यह सिलसिला होली से पहले शुरू हुआ और धुलंडी के रोज तक बरकरार रहा।धुलंडी को तो सबसे ज्यादा दिक्कतें पेश आई, जब लगभग आधे शहर की बत्ती शाम करीब साढ़े पांच बजे गुल हुई और देर रात लौटी।
विद्यार्थी कैसे करें पढ़ाई
जैसलमेर में एक तरफ होली पर्व की धूम को बिजली की अघोषित कटौतियों ने बाधित किया, वहीं सबसे ज्यादा परेशानी बोर्ड और विश्वविद्यालयी परीक्षा दे रहे विद्यार्थियों को झेलनी पड़ी। उन्हें अध्ययन में दिक्कतें आई तो उनके अभिभावकों में भी रोष व्याप्त हो गया। कई घंटों तक बिजली कटौती के कारण जिन घरों में इनवर्टर लगे हैं, उनका बैकअप भी चुक गया और अंधेरा छाया रहा। परीक्षार्थियों को पढ़ाई का हर्जा चुकाना पड़ा।
पूर्व मेंटिनेंस का क्या मतलब
किसी भी बड़े त्योहार से पहले विद्युत निगम कई दिन पहले मेंटिनेंस के नाम पर घोषित कटौती करता रहा है। पूर्व में भी देखा गया है कि त्योहार के मौके पर विद्युत आपूर्ति व्यवस्था धोखा दे जाती है। ऐसे में यह सवाल होली के मौके पर भी उठा कि फिर डिस्कॉम किसलिए कटौती करता है और उस दौरान आखिर वह लाइनों की कैसी मरम्मत करता है? गौरतलब है कि होली और धुलण्डी के दिन ही जैसलमेर 8-10 घंटे अंधेरे में डूबा रहा। अधिकारियों ने बताया कि भूमिगत लाइनों में फॉल्ट आने से आपूर्ति व्यवस्था ठप हुई, जबकि सबसे ज्यादा परेषानी गीता आश्रम क्षेत्र से लेकर गफूर भट्टा, कलाकार कॉलोनी, अम्बेडकर कॉलोनी, चैनपुरा, मैनपुरा, केला पाड़ा, कुम्हार पाड़ा, गोयदानी पाड़ा से जिंदानी चौक, तालरिया पाड़ा आदि क्षेत्रों में रहने वाले लोगों व दुकानदारों को झेलनी पड़ी।

अब सुधर जाएगी व्यवस्था
अंडरग्राउंड केबल में फॉल्ट आने से जैसलमेर शहर की विद्युत आपूर्तिव्यवस्था में व्यवधान उत्पन्न हुआ। आगामी दिन तक व्यवस्था पूरी तरह से सुधार ली जाएगी।
-जेआर गर्ग, अधिशासी अभियंता, डिस्कॉम, जैसलमेर

Updated on:
23 Mar 2019 05:37 pm
Published on:
23 Mar 2019 05:37 pm