
जैसलमेर. नगर परिषद और नगरपालिका चुनाव के आंकड़ों में छोटे मतदाता क्षेत्रों की तस्वीर भी सामने आई है। दोनों निकायों के 70 वार्डों में आठ वार्ड ऐसे हैं, जहां मतदाताओं की संख्या 500 से कम है। इनमें छह वार्ड पोकरण नगरपालिका के हैं, जबकि दो जैसलमेर नगर परिषद के हैं।
पोकरण में सबसे कम मतदाता वार्ड 23 में हैं। यहां केवल 235 मतदाता हैं। इसके बाद वार्ड 21 में 450, वार्ड 14 में 456, वार्ड 7 में 462, वार्ड 3 में 479 और वार्ड 16 में 485 मतदाता हैं। जैसलमेर में 500 से कम मतदाता वाले दो वार्ड हैं। वार्ड 9 में 432 और वार्ड 18 में 474 मतदाता हैं। इस तरह जैसलमेर के सबसे छोटे दो वार्डों में भी मतदाताओं की संख्या पोकरण के सबसे छोटे वार्ड से काफी अधिक है। अगर 500 से 600 के बीच वाले वार्ड भी जोड़ें तो तस्वीर और रोचक हो जाती है।
पोकरण में वार्ड 5 में 520, वार्ड 19 में 535, वार्ड 6 में 568 और वार्ड 12 में 580 मतदाता हैं। जैसलमेर में वार्ड 28 में 512, वार्ड 17 और 20 में 518-518, वार्ड 40 में 525, वार्ड 4 में 528, वार्ड 43 में 548 और वार्ड 31 में 575 मतदाता हैं। अर्थात दोनों निकायों में कुल 21 वार्ड ऐसे हैं, जहां मतदाताओं की संख्या 600 से कम है। इनमें पोकरण के 11 और जैसलमेर के 10 वार्ड शामिल हैं। सबसे दिलचस्प अंतर यह है कि पोकरण का सबसे बड़ा वार्ड 1527 मतदाताओं वाला है, जबकि सबसे छोटा वार्ड महज 235 मतदाताओं का है। इससे नगरपालिका के वार्डों के आकार में बड़ा अंतर साफ दिखाई देता है।
जैसलमेर . नगरीय निकाय आम चुनाव 2026 के तहत जैसलमेर नगर परिषद के लिए 9 सितम्बर को और पोकरण नगर पालिका के लिए 11 सितम्बर को मतदान होगा। सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक मतदाता अपने मताधिकार का एक्सपेरिमेंट कर सकेंगे। मतदान के दौरान मतदाताओं को पहचान के लिए भारत निर्वाचन आयोग का फोटो पहचान पत्र प्रस्तुत करना होगा। यदि कोई मतदाता यह पहचान पत्र प्रस्तुत करने में असमर्थ है, तो राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से अनुमोदित 11 वैकल्पिक फोटो दस्तावेजों में से कोई एक मूल दस्तावेज दिखाना अनिवार्य होगा। जिला निर्वाचन अधिकारी अनुपमा जोरवाल ने बताया कि आधार कार्ड, मनरेगा कार्ड, बैंक-डाकघर पासबुक, आयुष्मान भारत हैल्थ कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड, भारतीय पासपोर्ट, फोटोयुक्त पेंशन दस्तावेज सहित अन्य सरकारी पहचान पत्र मान्य होंगे। ये दस्तावेज नगरपालिका निर्वाचन की घोषणा के पूर्व के होने चाहिए।