पोकरण क्षेत्र के सांकड़ा जाने वाले मार्ग पर बड़ी संख्या में गति अवरोधकों के कारण आमजन को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसके साथ ही सड़क कई जगहों से क्षतिग्रस्त भी हो गई है। बावजूद इसके जिम्मेदारों की ओर से कोई कवायद नहीं की जा रही है।
पोकरण क्षेत्र के सांकड़ा जाने वाले मार्ग पर बड़ी संख्या में गति अवरोधकों के कारण आमजन को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसके साथ ही सड़क कई जगहों से क्षतिग्रस्त भी हो गई है। बावजूद इसके जिम्मेदारों की ओर से कोई कवायद नहीं की जा रही है। जानकारी के अनुसार कस्बे से सांकड़ा तक सड़क की चौड़ाई पूर्व में कम थी। इसके साथ ही लंबे समय से क्षतिग्रस्त पड़ी थी, जिसको लेकर करीब 4 वर्ष पूर्व यहां डामर सड़क का निर्माण करवाते हुए सड़क को चौड़ा कर विस्तार किया गया। ऐसे में राहगीरों व वाहन चालकों को आवागमन में राहत मिली थी। सड़क निर्माण के दौरान और इसके बाद मार्ग में कई जगहों पर गति अवरोधकों का निर्माण कर दिया गया। साथ ही सड़क कई जगहों से क्षतिग्रस्त भी हो गई है।
पोकरण से सांकड़ा जाने वाले मार्ग पर केलावा गांव व आसपास में करीब 8-10 गति अवरोधक बनाए गए है। इसी प्रकार रामपुरा चौक में 2 और नानणियाई में 2 गति अवरोधक बनाए गए है। इसके अलावा भी इक्के-दुक्के गति अवरोधक है, जिसके कारण राहगीरों व वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
गति अवरोधकों में नियमों की पालना नहीं की गई है। कोई गति अवरोधक छोटा है तो कोई बड़ा। साथ ही ऊंचे होने के कारण वाहन में झटके भी लग रहे है। इन पर सफेद पट्टी नहीं किए जाने के कारण रात में नजर भी नहीं आते है। जिससे यहां कोई बड़ा हादसा भी हो सकता है। बावजूद इसके जिम्मेदारों की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है।
सांकड़ा रोड कई जगहों से क्षतिग्रस्त भी हो गई है। डामर उखड़ जाने से राहगीरों व वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी हो रही है। साथ ही रात में पर्याप्त रोशनी के अभाव में हादसे का भी भय बना हुआ है।