पोकरण कस्बे में दुकानों के आगे सामान, अतिक्रमण, टीनशेड हटाने को लेकर चल रही कवायद अब तेज होने लगी है।
पोकरण कस्बे में दुकानों के आगे सामान, अतिक्रमण, टीनशेड हटाने को लेकर चल रही कवायद अब तेज होने लगी है। बुधवार को नगरपालिका व पुलिस की ओर से दुकानदारों से संपर्क कर उन्हें पक्के निर्माण, टीनशेड, सामान हटाने के लिए निर्देशित किया गया। गौरतलब है कि कस्बे के मुख्य मार्गों पर दुकानों के आगे सामान रखकर व टीनशेड लगाकर अतिक्रमण किया गया है। करीब 5-7 फीट जगह रोकने के बाद आगे हाथ ठेले व ग्राहकों के वाहन खड़े हो जाते है। ऐसे में सडक़ केवल 8-10 फीट ही रह जाती है, जिसके कारण आए दिन यातायात व्यवस्था बिगड़ रही है और आमजन को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसके साथ ही आए दिन हादसे भी हो रहे है। इसी को लेकर राजस्थान पत्रिका में लगातार समाचार प्रकाशित किए गए। पुलिस ने अतिक्रमणों को हटाने को लेकर नगरपालिका को पत्र लिखा। व्यापारियों की ओर से नगरपालिका व पुलिस के साथ बैठक कर दुकानों के आगे सीमा तय करने एवं तय सीमा से अधिक सामान, अतिक्रमण हटाने पर सहमति जताई।
नगरपालिका की ओर से कस्बे के मुख्य मार्गों पर मार्किंग कर निशान लगाने का कार्य पूर्ण कर लिया गया है। जयनारायण व्यास सर्किल से जोधपुर रोड, अंबेडकर सर्किल व जैसलमेर रोड तक सडक़ के दोनों तरफ निशान लगाकर लाइनें खींची गई है। एक सफेद लाइन व एक पीली लाइन यहां उकेरी गई है। सफेद लाइन से कोई सामान, हाथ ठेले या वाहन बाहर नहीं खड़े हो सकेंगे। सीमा से बाहर सामान, टीनशेड को अतिक्रमण और हाथ ठेलों व वाहनों को यातायात व्यवस्था में अवरोध माना जाएगा।
पुलिस वृताधिकारी भवानीसिंह राठौड़ बुधवार को सुबह व्यास सर्किल पहुंचे। उनकी सूचना पर नगरपालिका के अध्यक्ष मनीष पुरोहित, अधिशासी अधिकारी झब्बरसिंह चौहान व यातायात पुलिस प्रभारी सवाईसिंह तंवर भी यहां पहुंचे। जिसके बाद उन्होंने प्रत्येक दुकान पर जाकर संपर्क किया। इस दौरान दुकानों के आगे किए गए पक्के निर्माण, लगाए गए टीनशेड व रखे गए सामानों को तीन दिन में हटाने के लिए निर्देशित किया। विशेष रूप से होटलों के आगे सामानों को लेकर नाराजगी जताई। उन्होंने बताया कि तीन दिन में सामान व अतिक्रमण नहीं हटाया जाता है तो कार्रवाई शुरू की जाएगी।