जैसलमेर

पोकरण: एक दर्जन से अधिक चोरियों के बावजूद पुलिस के खाली हाथ, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

पोकरण में लगातार हो रही चोरी की वारदातों ने आमजन की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पिछले दो वर्षों में एक दर्जन से अधिक घटनाएं सामने आईं, लेकिन बड़ी वारदातों का खुलासा और चोरी गए माल की बरामदगी अब भी पुलिस के लिए चुनौती बनी हुई है। मंगलपुरा में तीन मकानों को निशाना बनाने के बावजूद चोरों तक नहीं पहुंच पाना पुलिस की निगरानी और अपराध नियंत्रण व्यवस्था पर सवाल उठा रहा है।
2 min read
• •
Updated: 28 Nov 2026, 8:51 PM IST
jaisalmer news
पोकरण. गत माह पूर्व हुई चोरी के बाद बिखरा सामान।

पोकरण. सरहदी जिले की परमाणु नगरी पोकरण में अब चोरों का दुस्साहस आमजन की सुरक्षा पर भारी पड़ता नजर आ रहा है। पिछले दो वर्षों में एक दर्जन से अधिक चोरी की घटनाएं सामने आ चुकी हैं, लेकिन बड़ी वारदातों का खुलासा अब भी पुलिस के लिए चुनौती बना हुआ है। घरों से लाखों रुपए के आभूषण और नकदी चोरी होने के बावजूद आरोपियों की गिरफ्तारी तथा माल बरामदगी नहीं होने से पुलिस की अपराध नियंत्रण व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। खास बात यह है कि मंगलपुरा क्षेत्र में एक के बाद एक तीन मकानों को निशाना बनाया गया, लेकिन चोरों तक पहुंचने में पुलिस को सफलता नहीं मिली। पोकरण सामरिक, ऐतिहासिक और धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण कस्बा है। यहां लगातार हो रही चोरी की घटनाओं ने नागरिकों की चिंता बढ़ा दी है। अब स्थिति ऐसी बनती जा रही है कि लोग घरों की सुरक्षा को लेकर भी आशंकित हैं। बड़ी वारदातों का खुलासा नहीं होने से अपराधियों के हौसले बढ़ने और पुलिस की निगरानी व्यवस्था कमजोर होने की आशंका जताई जा रही है।

अधिकारी के घर से 20 तोला सोना, फिर भी सुराग नहीं

5 अगस्त 2025 की रात रामदेव कॉलोनी निवासी सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारी चैनाराम के घर चोरी हुई थी। उस समय वे वृत्ताधिकारी कार्यालय में रीडर पद पर कार्यरत थे। चोर घर से 20 तोला सोने और 500 ग्राम चांदी के आभूषण ले गए थे। लाखों रुपये की इस चोरी का डेढ़ वर्ष से अधिक समय बीतने के बाद भी खुलासा नहीं हो पाया है।

मंगलपुरा में तीन वारदातें, लाखों के आभूषण निशाने पर

मंगलपुरा क्षेत्र में चोरी की घटनाओं ने विशेष चिंता बढ़ाई है। 6 सितंबर 2026 को होटल व्यवसायी के घर से 7 तोला सोना और 4 किलो चांदी चोरी हुई। 12 अक्टूबर को शिक्षाविद् के घर से एक किलो चांदी और 2 तोला सोने के आभूषण पार कर लिए गए। इसके बाद 26 नवंबर की रात छंगाणियों की गली में शिक्षक के घर से 22 तोला सोना, 40 तोला चांदी और नकदी चोरी हो गई। एक ही क्षेत्र में लगातार हुई इन घटनाओं ने पुलिस की रात्रिकालीन गश्त और निगरानी व्यवस्था की प्रभावशीलता पर प्रश्नचिह्न लगा दिया है।

बरामदगी के दावों और बड़ी चोरियों के खुलासे में अंतर

चोरी की घटनाओं को लेकर पोकरण थानाधिकारी से बातचीत में मंदिर से चोरी हुई घंटी और एक बाइक की बरामदगी को उपलब्धि बताया गया। वहीं, घरों में हुई बड़ी चोरियों के संबंध में टीमें गठित कर जांच जारी होने की जानकारी दी गई। ऐसे में सवाल है कि छोटी बरामदगियों के बीच लाखों की चोरियों का खुलासा कब होगा? लगातार घटनाओं के बावजूद ठोस नतीजे सामने नहीं आने से नागरिकों का भरोसा प्रभावित हो रहा है।

चोरी की रोकथाम में जरूरी हैं तीन स्तर

रात्रिकालीन गश्त: संवेदनशील कॉलोनियों और सुनसान इलाकों में नियमित निगरानी।

तकनीकी जांच: सीसीटीवी फुटेज, घटनास्थल के साक्ष्य और उपलब्ध तकनीकी सुरागों का विश्लेषण।

स्थानीय समन्वय: संदिग्ध गतिविधियों की सूचना, मोहल्ला स्तर पर सतर्कता और पुलिस की त्वरित प्रतिक्रिया।

पोकरण में सामने आई प्रमुख चोरी की वारदातें

5 अगस्त 2025: सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारी के घर से 20 तोला सोना और 500 ग्राम चांदी चोरी।

18 अगस्त 2025: फलसूंड रोड पर वृत्ताधिकारी कार्यालय के सामने मकान से लाखों के आभूषण चोरी।

18 सितंबर 2025: खींवज मंदिर से चांदी के छत्र और मुख चोरी।

6 सितंबर 2026: होटल व्यवसायी के घर से 7 तोला सोना और 4 किलो चांदी चोरी।

12 अक्टूबर 2026: शिक्षाविद् के घर से एक किलो चांदी और 2 तोला सोना चोरी।

26 नवंबर 2026: शिक्षक के घर से 22 तोला सोना, 40 तोला चांदी और नकदी चोरी।

Updated on:
28 Nov 2026, 8:51 PM IST
Published on: