
रामदेवरा. बाबा रामदेव के भादवा मेले में देश भर से पहुंच रहे श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या के मद्देनजर रेलवे ने स्टेशन पर यात्री सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ किया है। गुरुवार को उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी तथा उत्तर पश्चिम रेलवे के महानिरीक्षक सह प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त ज्योति कुमार सतीजा ने रामदेवरा रेलवे स्टेशन का निरीक्षण कर मेला व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने स्टेशन के विभिन्न हिस्सों का निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि मेले के दौरान श्रद्धालुओं को आवागमन, टिकट, पेयजल, बैठने, चिकित्सा और सुरक्षा से जुड़ी किसी भी परेशानी का सामना नहीं करना पड़े। डीआरएम त्रिपाठी ने वरिष्ठ रेलवे अधिकारियों के साथ प्लेटफॉर्म और यात्री सुविधाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने प्लेटफॉर्म पर मौजूद श्रद्धालुओं से सीधे बातचीत कर व्यवस्थाओं का फीडबैक लिया। यात्रियों ने रेलवे की ओर से उपलब्ध कराई जा रही व्यवस्थाओं के प्रति संतुष्टि जताई। मेले में यात्रियों की भीड़ को देखते हुए रेलवे ने रामदेवरा स्टेशन पर अतिरिक्त टिकट विंडो और स्टाफ लगाया है।
यात्रियों के बैठने व विश्राम के लिए पर्याप्त संख्या में बेंचें लगाई गई हैं। प्रतीक्षालय में गर्मी से राहत देने के लिए पांच एचवीएलएस पंखे लगाए गए हैं। स्टेशन परिसर में लगभग 40 शौचालयों की व्यवस्था की गई है। राज्य सरकार की ओर से निःशुल्क चिकित्सा सुविधा उपलब्ध है और किसी भी आपात स्थिति के लिए 24 घंटे एंबुलेंस की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। डीआरएम ने रामदेवरा स्टेशन पर अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चल रहे पुनर्विकास कार्यों का भी निरीक्षण किया और निर्देश दिए कि निर्माण कार्य से श्रद्धालुओं की आवाजाही प्रभावित नहीं होनी चाहिए। उन्होंने रेलवे सुरक्षा बल को स्टेशन परिसर में पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था, लगातार निगरानी और सीसीटीवी कैमरा तंत्र को मजबूत करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान अपर मंडल रेल प्रबंधक करनी राम, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक हितेश यादव, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर मनोहर सिंह सहित कई अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
रामदेवरा मेले में उत्तर पश्चिम रेलवे ने श्रद्धालुओं को प्रसादी वितरित कर सेवा का संदेश दिया। दूर-दराज से पहुंचे श्रद्धालुओं को रेलवे की ओर से प्रसादी के पैकेट मिलने पर उनके चेहरों पर खुशी दिखी। यह सेवा कार्य उत्तर पश्चिम रेलवे के भारत स्काउट एंड गाइड के तत्वावधान में जोधपुर मंडल के अधिकारियों के सहयोग से आयोजित किया गया। मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी और उत्तर पश्चिम रेलवे के महानिरीक्षक सह प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त ज्योति कुमार सतीजा ने स्वयं हजारों श्रद्धालुओं को प्रसादी पैकेट बांटे। इस दौरान स्काउट एंड गाइड के कैडेट्स ने भी सहयोग किया। अधिकारियों ने श्रद्धालुओं से बातचीत कर सुविधाओं की जानकारी ली। अपर मंडल रेल प्रबंधक करनी राम सहित अनेक अधिकारी मौजूद रहे।