
जैसलमेर. प्रदेश के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा बुधवार को जैसलमेर के एक दिवसीय दौरे पर आएंगे। वे भारत-पाकिस्तान सीमा पर स्थित विख्यात तनोटराय देवी के मंदिर में दर्शन करेंगे और वहां पूजा-अर्चना के बाद सीमा सुरक्षा बल के जवानों के साथ भाई दूज का त्योहार मनाएंगे। भाजपा जिलाध्यक्ष दलपत हिंगड़ा व जिला मंत्री कंवराजसिंह चौहान ने बताया कि तनोट से जैसलमेर लौटकर मुख्यमंत्री भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगे। माना जा रही है कि आगामी पंचायतीराज चुनावों को लेकर फीडबैक लेंगे और शाम को वे विशेष विमान से वापस जयपुर के लिए रवाना हो जाएंगे। मुख्यमंत्री के इस दौरे को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने सुरक्षा व्यवस्था के कड़े इंतजाम किए हैं। एयरपोर्ट से लेकर तनोट माता मंदिर और बैठक स्थल तक कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की जाएगी।
मुख्यमंत्री दोपहर 12 बजे जयपुर से विशेष विमान से जैसलमेर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। वे इसके तुरंत बाद हेलीकॉप्टर से तनोट के लिए प्रस्थान करेंगे। करीब 2.30 बजे तक तनोट में दर्शन व जवानों से मुलाकात के बाद शर्मा 3.10 बजे तक जैसलमेर पहुंचेंगे। यहां एयरपोर्ट के पास स्थित एक क्लब में उनका कार्यकर्ताओं के साथ संवाद कार्यक्रम रखा गया है। जिसमें वे एक घंटा तक रहेंगे और उसके तुरंत बाद जयपुर के लिए उड़ान भरेंगे।
जैसलमेर . रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने जैसलमेर प्रवास के दौरान अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त लोक कलाकार चम्पे खान को सम्मानित किया। जैसलमेर जिले के सनावड़ा गांव निवासी चम्पे खान ने एक विशेष रात्रिभोज कार्यक्रम में अपनी पारंपरिक लोकगायकी का प्रदर्शन किया। उनकी सुरीली आवाज और पारंपरिक संगीत की प्रस्तुति ने अतिथियों को प्रभावित किया। कला से प्रभावित होकर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने चम्पे खान की सराहना की और उन्हें 'सिल्वर गज' देकर सम्मानित किया। चम्पे खान अपनी विशिष्ट मंगणियार गायकी, सूफियाना कलाम और मरुस्थलीय लोकधुनों के माध्यम से राजस्थान की संगीत परंपरा को प्रस्तुत करते हैं। वे अपनी लोककला के जरिए अब तक 40 से अधिक देशों में राजस्थानी संस्कृति का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं।