
जैसलमेर। राजस्थान की स्वर्णनगरी जैसलमेर में शनिवार शाम मौसम ने अचानक करवट ली। लंबे समय से सूखे और अकाल जैसे हालात का सामना कर रहे जैसलमेर शहर और आसपास के ग्रामीण इलाकों पर आखिरकार मेघ मेहरबान हुए। पश्चिमी विक्षोभ के असर से अपराह्न बाद शुरू हुआ बूंदाबांदी का दौर शाम होते-होते तेज बारिश में बदल गया। तेज हवाओं के साथ हुई मूसलाधार बारिश से शहर की सड़कें पानी से लबालब हो गईं। कई जगह सड़कों पर पानी की चादर चलने लगी और नाले-परनाले प्रवाहित हो उठे। करीब 30 से 40 किलोमीटर के दायरे में ग्रामीण क्षेत्रों में भी बारिश हुई। लंबे समय से बारिश का इंतजार कर रहे लोगों को इससे बड़ी राहत मिली।
दिन में रुक-रुककर बादल छाने और बूंदाबांदी के बाद शाम करीब साढ़े छह बजे बारिश का वेग बढ़ गया। तेज हवाओं के साथ हुई झमाझम बारिश ने वातावरण में ठंडक घोल दी। सुबह और दोपहर तक गर्मी का अहसास कर रहे लोगों को मौसम के बदले मिजाज से राहत मिली। बारिश के बाद शहर की गलियों और सड़कों पर पानी बहने लगा। मोहनगढ़ क्षेत्र में भी झमाझम बारिश हुई। यहां घने बादलों के कारण दिन में अंधेरा छा गया और बिजली भी जोर-जोर से कड़की।
इस साल जिले में कम बारिश के कारण किसानों और पशुपालकों को सूखे जैसे हालात का सामना करना पड़ रहा है। खेतों में फसलें प्रभावित हुई हैं, वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में पशुओं के लिए चारे और पानी का संकट भी बना हुआ है। शनिवार को हुई बारिश से कम से कम पशुधन के लिए पीने के पानी की उपलब्धता में मदद मिलेगी। हालांकि किसानों का कहना है कि अब हरे चारे का उत्पादन होली के आसपास ही हो सकेगा। बारिश के बाद तापमान में गिरावट आई और मौसम सुहावना हो गया।
पोकरण क्षेत्र में शनिवार शाम करीब 4 से 5.30 बजे के बीच हल्की बूंदाबांदी हुई। सुबह गुलाबी सर्दी के बाद दोपहर में तेज धूप रही, लेकिन बादलों और हवाओं ने मौसम बदल दिया। करीब पांच मिनट की बूंदाबांदी से सड़कें तर हो गईं और ठंडक बढ़ गई।
श्रीगंगानगर में हल्की बारिश ने पराली के धुएं और दीपावली की आतिशबाजी से बनी धुंध को कम किया। सुबह करीब नौ बजे और दोपहर एक बजे बूंदाबांदी हुई। यहां अधिकतम तापमान शुक्रवार के 31.6 डिग्री से गिरकर शनिवार को 29 डिग्री सेल्सियस रह गया। न्यूनतम तापमान 18.3 डिग्री दर्ज हुआ। हनुमानगढ़ में भी जिला मुख्यालय, पल्लू और संगरिया के कुछ गांवों में हल्की बूंदाबांदी हुई। इससे किन्नू की मिठास बढ़ने और गेहूं की बिजाई को गति मिलने की उम्मीद है।
मौसम में बदलाव का असर पंचायत चुनाव के मतदान केंद्रों पर भी दिखाई दिया। अनूपगढ़ की ग्राम पंचायत बांडा में सुबह हल्की ठंड के बीच महिला मतदाता शॉल और गर्म कपड़े ओढ़कर मतदान करने पहुंचीं। मौसम ठंडा होने के बावजूद मतदान को लेकर ग्रामीणों का उत्साह बना रहा।
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण बारिश का दौर जारी है। 15 नवंबर को बीकानेर संभाग, अजमेर और जयपुर संभाग के उत्तरी हिस्सों तथा शेखावाटी क्षेत्र में हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है। रविवार को झुंझुनूं, खैरथल-तिजारा, कोटपूतली-बहरोड़, सीकर, बीकानेर, चूरू, डीडवाना-कुचामन, हनुमानगढ़, जैसलमेर, जोधपुर, नागौर, फलोदी और श्रीगंगानगर में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है।
राज्य में सर्वाधिक अधिकतम तापमान चित्तौड़गढ़ में 35.8 डिग्री और सबसे कम न्यूनतम तापमान भीलवाड़ा में 10 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जिससे जिले में कड़ाके की सर्दी का अहसास हो रहा है। मौसम विभाग के अनुसार 16 नवंबर से अगले 4-5 दिन प्रदेश में मौसम मुख्यतः शुष्क रहेगा। इस दौरान न्यूनतम और अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट होने की संभावना है।