जैसलमेर

JAISALMER NEWS: बताए नशे के दुष्परिणाम, निकाली जागरुकता रैली

-अंतरराष्ट्रीय मादक पदार्थ सेवन निषेध दिवस
2 min read
Jun 27, 2018
Rally on International Drug Abuse Protest Day
Rally on International Drug Abuse Protest Day

जैसलमेर. अंतरराष्ट्रीय मादक पदार्थ सेवन निषेध के उपलक्ष्य में जिले भर में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस दौरान विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन कर नशे के दुष्परिणाम बताए गए, वहीं जागरुकता रैली निकाली गई।
रामदेवरा. स्थानीय बाबा रामदेव विद्या मंदिर उच्च माध्यमिक विद्यालय व रामदेव पब्लिक स्कूल में अंतरराष्ट्रीय मादक पदार्थ सेवन एवं तस्करी निरोध दिवस के अवसर पर सीमा सुरक्षा बल 57वीं बटालियन के तत्वावधान में जागरुकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। उपसमादेष्टा आसूसिंह भाटी के नेतृत्व में 35 सदस्य पहुंचे। उपसमादेष्टा भाटी ने नशे से होने वाले दुष्परिणामों की जानकारी दी। विद्यालय के संस्थापक नाथूसिंह तंवर ने नशामुक्ति का संकल्प दिलाया। प्रधानाचार्य भागीरथ सिन्हा ने सभी को धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम का संचालन भोमसिंह व नीलेश शर्मा ने किया। इससे पूर्व बीएसएफ के जवानों की ओर से निकाली गई वाहन रैली पोकरण रोड, मुख्य बाजार, मंदिर रोड, रेलवे स्टेशन रोड होते हुए विद्यालय पहुंची। इस दौरान जवानों ने नशे की प्रवृति से दूर रहने का संदेश दिया।
लाठी. स्थानीय राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में अंतरराष्ट्रीय मादक पदार्थ सेवन निषेध दिवस के अवसर पर तम्बाकू के दुष्परिणामों विषय पर एक कार्यशाला का आयोजन किया गया। सोमवार को सुबह छात्र-छात्राओं की ओर से पुलिस के सहयोग से एक रैली निकाली गई, जिसे थानाधिकारी राजूराम सीरवी ने हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया। रैली विद्यालय से रवाना हुई तथा मुख्य बाजार, मेघवालों का बास, मुस्लिम बास, दर्जियों का बास, महाजन बास, भाटियों केा बास होते हुए पुन: विद्यालय पहुंची। यहां आयोजित कार्यशाला को संबोधित करते हुए थानाधिकारी सीरवी ने युवाओं से नशे से दूर रहने की बात कही। व्याख्याता उदाराम विश्रोई ने सेहत के लिए हानिकारक तम्बाकू विषय पर व्याख्यान दिया। इस अवसर पर छात्र छात्राओं को नशामुक्ति का संकल्प दिलाया गया। कार्यक्रम में भागीरथ चौधरी, दीपककुमार, रोशनलाल मीणा, किशनलाल, मुकेश मीणा, श्रृंगारी, उदाराम विश्रोई, हीराराम, रूपाराम, डूंगरराम, जयराम, महेशकुमार, अंजना शेखावत आदि उपस्थित थे।

Published on:
27 Jun 2018 05:57 pm