सिंचाई के पानी की मांग को लेकर क्षेत्र के किसान लगातार संघर्ष कर रहे हैं। रामगढ़ क्षेत्र में सागरमल गोपा शाखा की 190 आरडी हेड पर किसानों का बेमियादी धरना सातवें दिन भी जारी रहा।
सिंचाई के पानी की मांग को लेकर क्षेत्र के किसान लगातार संघर्ष कर रहे हैं। रामगढ़ क्षेत्र में सागरमल गोपा शाखा की 190 आरडी हेड पर किसानों का बेमियादी धरना सातवें दिन भी जारी रहा। नहरों में पानी नहीं छोड़े जाने से किसानों में रोष व्याप्त है। धरने पर बैठे किसान दलपतसिंह, नरेन्द्रसिंह, गेमरसिंह, भीमसिंह, लीलुसिंह, तेजाराम, आदूराम, भवानीसिंह, मोहनवीरा और प्रेमाराम ने बताया कि साधा नहर तथा टिबड़ा नहर में पिछले एक माह से बारीबंदी के तहत सिंचाई जल आपूर्ति बंद है। पानी के अभाव में खड़ी फसलें सूखने लगी हैं, जिससे किसानों की मेहनत पर संकट मंडरा रहा है।
किसानों का कहना है कि सिंचाई जल नहीं मिलने से केवल फसलें ही नहीं, बल्कि पशुधन के लिए भी पीने के पानी की समस्या उत्पन्न हो गई है। ग्रामीणों को दूर-दूर तक भटकना पड़ रहा है। इस संबंध में नहर विभाग के उच्च अधिकारियों को मौखिक और लिखित रूप से अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ।क्षेत्र के किसानों और पशुपालकों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र नहरों में पानी नहीं छोड़ा गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। फिलहाल 190 आरडी हेड पर किसानों का धरना शांतिपूर्ण ढंग से जारी है, लेकिन समस्या के समाधान को लेकर रोष बढ़ता जा रहा है।