
जैसलमेर. पीत पाषाण की स्वर्णिम आभा के बीच मंगलवार को स्वर्णनगरी का वातावरण भक्ति और आस्था के रंग में रंगा नजर आया। कार्तिक शुक्ल पूर्णिमा पर शहर से गांवों तक धार्मिक उल्लास छाया रहा। कहीं पवित्र सरोवरों में आस्था की डुबकी लगी तो कहीं मंदिरों में दर्शन और दीपदान के लिए श्रद्धालुओं की कतारें नजर आईं। दान-पुण्य और सेवा के कार्यों ने पर्व की धार्मिक महत्ता को जीवंत किया। पूर्णिमा पर श्रद्धालुओं ने ब्रह्ममुहूर्त में गड़ीसर सरोवर पहुंचकर स्नान किया। इसके बाद सोनार दुर्ग स्थित लक्ष्मीनाथ मंदिर सहित बाबा रामदेव मंदिर, मुक्तेश्वर मंदिर, गणेश मंदिर और हनुमान मंदिर में दर्शन किए। लोगों ने जरूरतमंदों को फल, भोजन, वस्त्र और नकदी दान कर पुण्य अर्जित किया। इष्टदेव के समक्ष सुख-समृद्धि, सद्बुद्धि और सद्विचारों की कामना की गई। कई परिवारों ने रिश्तेदारों के यहां मिठाई और खाद्य सामग्री भी भिजवाई।
पोकरण. कस्बे के कृष्ण मंदिरों में कार्तिक माह की पूर्णिमा पर धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस दौरान श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। कस्बे के गोवद्र्धननाथजी की हवेली ठाकुरजी के मंदिर में एकादशी से पूर्णिमा तक कई धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। साथ ही प्रतिमाओं पर विशेष शृंगार कर दर्शन करवाए गए। विशेष रूप से मंगला आरती के दौरान श्रद्धालुओं की दर्शनों के लिए भीड़ उमड़ी। इसी प्रकार कस्बे के चारभुजानाथ मंदिर, सत्यनारायण भगवान मंदिर, राम मंदिर में भी श्रद्धालुओं की भीड़ देखने को मिली। चारभुजानाथ मंदिर में दर्शनों व आरती के साथ परिक्रमा का आयोजन भी किया गया।
पोकरण. क्षेत्र के सेलवी गांव में स्थित सिद्ध पीठ कदली वन हनुमान मंदिर में मंगलवार को भगवान कपिल मुनि की प्रतिमा पर रुद्राभिषेक किया गया। संत ओम महाराज व आचार्य पंडित नवनारायण व्यास के सानिध्य में यजमान जेठमल रामावत ने मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना की। दोपहर बाद कस्बे के वेदपाठी पंडितों की ओर से रुद्राभिषेक किया गया। इस दौरान मंदिर सहित आसपास का क्षेत्र वैदिक मंत्रोच्चार से गूंज उठा। दोपहर बाद आरती कर प्रसादी का वितरण किया गया।