जैसलमेर

भोलेनाथ के जयकारों से गूंजे शिवालय

-जैसलमेर में श्रावण के पहले सोमवार को धर्ममयी हुआ माहौल-जिले भर में हुए विविध आयोजन
2 min read
Jul 31, 2018
Religious Events in Shiv Temples in jaisalmer
भोलेनाथ के जयकारों से गूंजे शिवालय

जैसलमेर. यहां अस्था के माहौल में उत्साह झलका तो उल्लास के रंग भी नजर आए। चहुंओर धर्ममयी माहौल में हर कोई श्रद्धा व भक्ति से परिपूर्ण माहौल देखने को मिला। जिले में सोमवार श्रद्धा व आस्था से परिपूर्ण माहौल देखने को मिला। शिव मंदिरों में पौ फटते ही श्रद्धालुओं की रेलमपेल शुरू हो गई, जो कि देर शाम तक बनी रही। भगवान शिव को प्रसन्न करने के लिए जगह-जगह धार्मिक आयोजन हुए। इस दौरान शिव मंदिरों को पुष्पों से सजाया गया और आकर्षक रोशनी की व्यवस्था की गई। इस दिन बेर, बील पत्र व फूलों की दुकानों में भी काफी भीड़ देखने को मिली। शहर के मुक्तेश्वर महादेव मन्दिर, वरुणेश्वर महादेव, गज मन्दिर, चंद्रमोलेश्वर, रत्नेश्वर, सिद्धेश्वर, देवचंदे्रश्वर मन्दिर, आदि मन्दिरों में श्रद्धलुओं की आवाजाही देर शाम तक बनी रही। शिव भक्ति के भजन व गीत मंदिरों में गूंजते रहे। शिव मंदिर में जय-जय भोलेनाथ, जय हो भोले भण्डारी, ओम नम: शिवाय, जय ओंकारा, हर-हर महादेव के जयकारे गूंज उठे। जैसलमेर के मुक्तेश्वर महादेव मंदिर में धर्म संस्थान की ओर से विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों का आयेाजन हुआ। इसी तरह जैसलमेर से 5 किलोमीटर दूर शिवमड़ी दरबार, देवचन्द्रेश्वर मंदिर, वरूणेश्वर मंदिर, नील कंठेश्वर आदि मंदिरों में भी विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन हुआ।
मोहनगढ़. श्रावण के पहले सोमवार को मोहनगढ़ क्षेत्र में आए शिव मंदिरों में महिलाओं, स्त्रियों व बालिकाओं की भीड़ देखने को मिली। सावन के पहले सोमवार का बालिकाओं, स्त्रियों व महिलाओं की ओर से भगवान शिव का व्रत भी किया। कस्बे के किले के पास आए जबरेश्वर महादेव मंदिर व आरसीपी कॉलोनी स्थित महादेव में पूजा अर्चना के दिन भर भक्तों का तांता लगा रहा। दिन भर शिव मंदिरों में बम बम महादेव व हर हर महादेव के जयकारे गूंजते रहे। वहीं महिलाएं दिन भर मंदिर में भजन गाती नजर आई। सांयकाल के समय शुभ मुहूर्त में महिलाओं की ओर से व्रत खोला गया। पहले सोमवार को मायूसी हाथ लगी। सावन का पहला सोमवार सूखा ही निकला।
फतेहगढ़. उपखंड मुख्यालय सहित आसपास के क्षेत्रों में स्थित शिव मन्दिरों में श्रावण माह के पहले सोमवार को दिन भर शिव भक्तों की रेलमपेल लगी रही। श्रावण के सोमवार को क्षेत्र के विभिन्न शिवालयों में धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। उपखंड मुख्यालय स्थित प्राचीन शिव मंदिर में सोमवार को दिन भर शिव भक्तों की भीड़ लगी रही। सोमवार को महिलाओं व बालिकाओं ने भगवान शिव का व्रत रखकर शिव की पूजा अर्चना कर क्षेत्र मे खुशहाली कि कामना की। कस्बे के मुख्य बाजार में आम दिनों कि तुलना इस सोमवार को लोगों की भीड़ अधिक देखने को मिली।

Published on:
31 Jul 2018 12:06 pm