जैसलमेर

फिर बढ़ी तेल कीमतों से महंगाई दबाव और गहराने की आशंका

तेल कम्पनियों की ओर से पेट्रोल और डीजल की कीमतों में एक बार फिर हुई बढ़ोतरी ने जैसलमेर जिलावासियों की चिंता बढ़ा दी है। ईंधन दरों में वृद्धि का सीधा असर परिवहन लागत पर पडऩे लगा है, जिससे आने वाले दिनों में रोजमर्रा की वस्तुओं के दाम भी बढऩे की आशंका जताई जा रही है।

2 min read
May 23, 2026
jsm news
जैसलमेर. पेट्रोल पम्प पर वाहनों में तेल भरवान पहुंचे वाहन चालक।

तेल कम्पनियों की ओर से पेट्रोल और डीजल की कीमतों में एक बार फिर हुई बढ़ोतरी ने जैसलमेर जिलावासियों की चिंता बढ़ा दी है। ईंधन दरों में वृद्धि का सीधा असर परिवहन लागत पर पडऩे लगा है, जिससे आने वाले दिनों में रोजमर्रा की वस्तुओं के दाम भी बढऩे की आशंका जताई जा रही है। खासकर सीमावर्ती और दूरस्थ जिले जैसलमेर में परिवहन व्यवस्था पर निर्भरता अधिक होने से इसका असर और ज्यादा महसूस किया जा रहा है। वाहन चालकों, ट्रांसपोर्ट कारोबारियों और व्यापारियों का कहना है कि लगातार बढ़ती ईंधन कीमतों ने संचालन खर्च बढ़ा दिया है।

ट्रकों और अन्य व्यावसायिक वाहनों के किराए बढऩे से फल-सब्जी, किराना और निर्माण सामग्री जैसी आवश्यक वस्तुओं की कीमतों पर असर पड़ सकता है। स्थानीय व्यापारियों के अनुसार पहले से ही महंगाई का दबाव झेल रहे उपभोक्ताओं पर यह नई बढ़ोतरी अतिरिक्त बोझ साबित होगी। गौरतलब है कि पेट्रोल के भावों में 94 पैसा प्रति लीटर और डीजल 92 पैसा प्रति लीटर की बढ़ोतरी होने के बाद जैसलमेर में पेट्रोल अब 111.31 रुपए और डीजल 96.57 रुपए प्रति लीटर हो गया है।

परेशान नजर आया हर कोई

शहर में तेल के बढ़ते दामों से निजी वाहन उपयोग करने वाले लोग भी परेशान नजर आए। नौकरीपेशा और मध्यमवर्गीय परिवारों का कहना है कि हर महीने ईंधन पर होने वाला खर्च लगातार बढ़ रहा है, जबकि आय में उसी अनुपात में बढ़ोतरी नहीं हो रही। इससे घरेलू बजट प्रभावित हो रहा है और अन्य जरूरी खर्चों में कटौती करनी पड़ रही है। जानकारों के अनुसार यदि ईंधन कीमतों में लगातार बढ़ोतरी जारी रही तो इसका असर बाजार की समग्र महंगाई पर दिखाई देगा। परिवहन लागत बढऩे से वस्तुओं की सप्लाई चेन महंगी होगी और इसका भार अंतत: उपभोक्ताओं पर ही पड़ेगा। ऐसे में आमजन को आने वाले समय में और अधिक आर्थिक दबाव झेलना पड़ सकता है।

नौ दिनों में तीसरी बढ़ोतरी

देश भर की भांति जैसलमेर में पिछले 9 दिनों के दौरान पेट्रोल और डीजल के भावों में 3 बार बढ़ोतरी हो चुकी है। इन दिनों में साधारण पेट्रोल 5.12 रुपए और डीजल 4.85 रुपए प्रति लीटर तक महंगा हो चुका है। गत 15 मई को पेट्रोल में 3.24 और डीजल में 3.02 रुपए प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई। इससे पेट्रोल 109.43 रुपए और डीजल 94.74 रुपए प्रति लीटर हो गया। 19 मई को पेट्रोल 91 पैसे और डीजल 94 पैसे महंगा हो गया। ऐसे ही 23 मई पेट्रोल में 94 और डीजल में 92 पैसे प्रति लीटर की वृद्धि की गई।

Published on:
23 May 2026 08:56 pm