
जैसलमेर @ पत्रिका. बदलती जीवनशैली ने मधुमेह के जोखिम को स्वास्थ्य संबंधी बड़ी चुनौती बना दिया है। लंबे समय तक बैठकर काम करना, अनियमित दिनचर्या, असंतुलित खानपान और शारीरिक गतिविधियों में कमी टाइप-2 मधुमेह के प्रमुख जोखिम कारकों में शामिल हैं। चिंता की बात यह है कि बीमारी शुरुआती दौर में कई बार बिना स्पष्ट लक्षणों के विकसित होती रहती है। ऐसे में व्यक्ति को लंबे समय तक इसकी जानकारी तक नहीं हो पाती। विश्व मधुमेह दिवस के अवसर पर स्वास्थ्य विशेषज्ञों का जोर बीमारी के उपचार से पहले उसकी समय पर पहचान, जोखिम कम करने और नियमित स्वास्थ्य जांच पर है। भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आइसीएमआर) और मद्रास डायबिटीज रिसर्च फाउंडेशन के संयुक्त आइसीएमआर-इंडियाब अध्ययन में देश के 31 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के 20 वर्ष से अधिक आयु के लोगों को शामिल किया गया। कुल 1,13,043 लोगों के आंकड़ों के विश्लेषण पर आधारित इस अध्ययन के निष्कर्ष वर्ष 2023 में चिकित्सा शोध पत्रिका 'लैंसेट डायबिटीज एंड एंडोक्राइनोलॉजी' में प्रकाशित हुए। अध्ययन के अनुसार देश में मधुमेह की भारित व्यापकता 11.4 प्रतिशत और प्री-डायबिटीज की व्यापकता 15.3 प्रतिशत दर्ज की गई।
प्री-डायबिटीज ऐसी स्थिति है, जिसमें रक्त में ग्लूकोज का स्तर सामान्य से अधिक होता है, लेकिन मधुमेह की निर्धारित सीमा तक नहीं पहुंचता। यह टाइप-2 मधुमेह विकसित होने के बढ़े हुए जोखिम का संकेत है। हालांकि, जरूरी नहीं कि प्री-डायबिटीज से प्रभावित प्रत्येक व्यक्ति को मधुमेह हो। इस अवस्था में खानपान में सुधार, नियमित व्यायाम और वजन नियंत्रित रखने जैसे उपाय जोखिम घटाने में मददगार हो सकते हैं। मधुमेह के सामान्य लक्षणों में अधिक प्यास लगना, बार-बार पेशाब आना, असामान्य थकान और धुंधला दिखाई देना शामिल हैं। हालांकि, टाइप-2 मधुमेह धीरे-धीरे विकसित होता है और शुरुआती अवस्था में इसके लक्षण स्पष्ट नहीं भी हो सकते हैं। इसलिए केवल शारीरिक लक्षणों के आधार पर बीमारी का पता लगाना पर्याप्त नहीं है। जोखिम वाले लोगों के लिए चिकित्सकीय सलाह के अनुसार रक्त शर्करा की जांच महत्वपूर्ण है।
विश्व स्वास्थ्य संगठन के अनुसार स्वस्थ खानपान, नियमित शारीरिक गतिविधि, संतुलित वजन और तंबाकू से दूरी टाइप-2 मधुमेह के जोखिम को कम करने में मदद करती है। वयस्कों को सप्ताह में कम से कम 150 मिनट मध्यम तीव्रता वाली शारीरिक गतिविधि करने की सलाह दी जाती है। तेज चाल से चलना, साइकिल चलाना और नियमित व्यायाम इसके व्यावहारिक विकल्प हैं।
-रोजमर्रा की दिनचर्या में नियमित शारीरिक गतिविधि को शामिल करें।
- संतुलित भोजन लें और अधिक चीनी व संतृप्त वसा वाले खाद्य पदार्थ सीमित करें।
-खानपान और व्यायाम के जरिए वजन संतुलित रखने का प्रयास करें।
-परिवार में मधुमेह का इतिहास होने पर चिकित्सकीय सलाह से जांच करवाएं।
-नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराएं और शुरुआती लक्षणों को नजरअंदाज न करें।
विश्व मधुमेह दिवस हर वर्ष 14 नवंबर को मनाया जाता है। वर्ष 2026 की थीम 'अर्ली एक्शन ऑन डायबिटीज' यानी मधुमेह पर शुरुआती कार्रवाई है। इसका प्रमुख उद्देश्य समय पर बीमारी की पहचान, बेहतर उपचार, निरंतर देखभाल और मधुमेह से जुड़े सामाजिक भेदभाव को कम करने के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। मधुमेह की पुष्टि होने पर उपचार में देरी करना या केवल घरेलू उपायों पर निर्भर रहना उचित नहीं है। चिकित्सकीय परामर्श के अनुसार दवाइयां, संतुलित खानपान, नियमित शारीरिक गतिविधि और रक्त शर्करा की निगरानी बीमारी को नियंत्रित रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। शुरुआती पहचान का वास्तविक उद्देश्य केवल रक्त शर्करा का स्तर जानना नहीं, बल्कि जटिलताओं का जोखिम बढ़ने से पहले उपचार और देखभाल की प्रक्रिया शुरू करना है।
- डॉ. एमडी सोनी, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, जैसलमेर