जैसलमेर

Jaisalmer: संकेतक और गति अवरोधक के अभाव से हादसों का खतरनाक मोड़ बना सड़क मार्ग

ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर सड़क संपर्क के उद्देश्य से बनी डामर सड़कें कई स्थानों पर लापरवाहीपूर्ण निर्माण के कारण दुर्घटनाओं का कारण बन रही हैं। पोकरण-भैंसड़ा मार्ग पर बेतीना के पास बना तीखा एल-आकार का मोड़, बिना चेतावनी संकेतक और सुरक्षा इंतजामों के, वाहन चालकों के लिए जानलेवा साबित हो रहा है।
2 min read
Jun 30, 2026
Truck on a winding rural road
पोकरण. खतरनाक मोड़ से हर समय हादसे का खतरा। पत्रिका

पोकरण. ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन को सुलभ बनाने के लिए सरकार की ओर से डामर सड़कों का निर्माण करवाया जा रहा है, लेकिन निर्माण के दौरान मोड़ आदि का ध्यान नहीं रखने और संकेतक बोर्ड या गति अवरोधक नहीं बनाए जाने के कारण कई जगह हादसे के मोड़ बन गए है, जिससे वाहन चालकों को परेशानी हो रही है। ऐसा ही एक हादसे का मोड़ क्षेत्र के भैंसड़ा से पोकरण सड़क पर बना हुआ है। यहां आए दिन हादसे होने के बावजूद जिम्मेदार इस तरफ कोई ध्यान नहीं दे रहे है। जानकारी के अनुसार भैंसड़ा से पोकरण तक कुछ वर्ष पूर्व डामर सड़क का निर्माण करवाया गया था। निर्माण के दौरान बेतीना से दो किलोमीटर दूर पोकरण रोड पर एल आकार का मोड़ रख दिया गया। मोड़ की अनजान वाहन चालकों को जानकारी नहीं होने के कारण आए दिन हादसे हो रहे है। जबकि जिम्मेदार कोई ध्यान नहीं दे रहे है।

संकेतक बोर्ड के बिना नहीं होती जानकारी

सड़क की स्थिति अच्छी होने से वाहन चालक तेज गति से यहां से निकलते है। अनजान वाहन चालकों को इस मोड़ की जानकारी नहीं होती है और मोड़ में वाहन असंतुलित हो जाने से हादसे का शिकार हो जाता है। यहां एल आकार के खतरनाक मोड़ का न तो कोई संकेतक बोर्ड लगा हुआ है, न ही यहां कोई गति अवरोधक बनाया गया है। ऐसे में आए दिन यहां हादसे हो रहे है। जिम्मेदारों की ओर से यहां संकेतक बोर्ड लगाने या गति अवरोधक बनाने को लेकर कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। जिससे यहां कभी किसी बड़े हादसे से इनकार नहीं किया जा सकता।

कई बार करवाया अवगत

खतरनाक एल आकार के मोड़ के कारण आए दिन हादसे हो रहे है। विशेष रूप से पर्यटक व अनजान वाहन चालक यहां दुर्घटनाग्रस्त हो रहे है। जिसको लेकर कई बार अवगत भी करवाया है, लेकिन गति अवरोधक या संकेतक बोर्ड लगाने को लेकर कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है।

- देवीसिंह, पूर्व उपसरपंच, भैंसड़ा

Published on:
30 Jun 2026 08:13 pm