जैसलमेर जिले के सार्वजनिक परिवहन तंत्र को सुदृढ़ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए जैसलमेर आगार को तीन नई बसें आवंटित की गई हैं।
जैसलमेर जिले के सार्वजनिक परिवहन तंत्र को सुदृढ़ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए जैसलमेर आगार को तीन नई बसें आवंटित की गई हैं। इन बसों का संचालन 1 अप्रेल तीन नए मार्गों पर शुरू किया जाएगा, जिससे जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन की सुविधा और अधिक सुलभ होगी। नई बस सेवाओं की शुरुआत लंबे समय से उठ रही जन मांग को ध्यान में रखते हुए की जा रही है। क्षेत्र के विभिन्न हिस्सों में परिवहन सुविधाओं के विस्तार की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। इसी के तहत इन मार्गों का चयन किया गया, ताकि अधिक से अधिक लोगों को सीधी और नियमित बस सेवा का लाभ मिल सके।
पहली नई बस सेवा बाड़मेर-जैसलमेर-नाचना मार्ग पर संचालित होगी। यह बस बाड़मेर से दोपहर 1:30 बजे रवाना होकर शाम 5:00 बजे जैसलमेर पहुंचेगी। इसके बाद मोहनगढ़ होते हुए शाम 7:30 बजे नाचना पहुंचेगी। वापसी में यह बस नाचना से सुबह 7:00 बजे चलकर मोहनगढ़ और जैसलमेर होते हुए दोपहर 1:00 बजे बाड़मेर पहुंचेगी। इस सेवा से सीमावर्ती क्षेत्रों के यात्रियों को विशेष राहत मिलने की उम्मीद है। दूसरी सेवा जैसलमेर से जोधपुर के बीच संचालित होगी, जो देवीकोट, सांकड़ा, भणियाणा और सेतरावा मार्ग से होकर गुजरेगी। यह बस सुबह 7:30 बजे जैसलमेर से रवाना होकर दोपहर 3:15 बजे जोधपुर पहुंचेगी। वापसी में जोधपुर से दोपहर 1 बजे चलकर रात 8:30 बजे जैसलमेर पहुंचेगी। इस मार्ग पर पड़ने वाले छोटे कस्बों और गांवों को भी सीधी कनेक्टिविटी मिलेगी। तीसरी बस सेवा जैसलमेर से अजमेर के बीच शुरू की जा रही है, जो पोकरण, फलोदी, नागौर और पुष्कर होते हुए संचालित होगी। यह बस सुबह 10:15 बजे जैसलमेर से रवाना होकर रात 9:15 बजे अजमेर पहुंचेगी। वापसी में अजमेर से सुबह 5:45 बजे चलकर शाम 4:30 बजे जैसलमेर पहुंचेगी। इससे धार्मिक और व्यावसायिक यात्रा करने वाले यात्रियों को सुविधा मिलेगी।
वर्तमान में जैसलमेर आगार की लगभग 30 बस सेवाएं अहमदाबाद, बाड़मेर, आबू रोड, उदयपुर, अजमेर, जयपुर और तनोट सहित विभिन्न मार्गों पर संचालित हैं। नई सेवाओं के जुड़ने से इस नेटवर्क का और विस्तार होगा तथा यात्रियों को अधिक विकल्प उपलब्ध होंगे।.इन बस सेवाओं में राज्य सरकार की विभिन्न रियायती योजनाओं का लाभ भी मिल सकेगा। महिला, वरिष्ठजन और दिव्यांग यात्रियों को निर्धारित नियमों के अनुसार किराए में छूट प्रदान की जाएगी। इससे समाज के विभिन्न वर्गों को सीधा लाभ पहुंचेगा।
नई सेवाओं के शुरू होने से जिले के दूरस्थ क्षेत्रों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी और स्थानीय आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलने की संभावना है। नई बस सेवाएं यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखकर शुरू की जा रही हैं। आगामी समय में मांग के अनुसार अन्य मार्गों पर भी सेवाओं के विस्तार पर विचार किया जाएगा।
-दीपक कुमार, मुख्य प्रबंधक, राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम, जैसलमेर आगार