जैसलमेर

jaisalmer: हाईटेंशन लाइन से टकराकर ट्रक में आग !

रामगढ़ में आरएसएमएम गेट के पास ट्रक हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से भीषण आग लग गई। लाइन से टकराते ही ट्रक धू-धू कर जलने लगा, चालक ने कूदकर समय रहते जान बचाई। हादसे के बाद आरएसएमएम की अग्निशमन व्यवस्था पर सवाल उठे, दमकल ने आग पर काबू पाया।
2 min read
Sep 09, 2026
jaisalmer photo
आग पर काबू पाते दमकलकर्मी

रामगढ़ . रामगढ़ में बुधवार को एक बड़ा हादसा उस समय टल गया, जब आरएसएमएम गेट के पास एक ट्रक हाई टेंशन विद्युत लाइन की चपेट में आ गया। लाइन से टकराते ही ट्रक में भीषण आग लग गई और वह धू-धू कर जलने लगा। गनीमत रही कि ट्रक चालक ने समय रहते वाहन से कूदकर अपनी जान बचा ली। घटना के बाद ट्रक का पिछला हिस्सा पूरी तरह जलकर खाक हो गया, जिससे वाहन को भारी नुकसान हुआ है। ट्रक जोगा निवासी अर्जुनसिंह का बताया जा रहा है। आग पर नियंत्रण पाने के लिए आरएसएमएम परिसर में पर्याप्त संसाधनों का अभाव सामने आया। आरएसएमएम में लगे पानी के टैंकर घटना के समय उपलब्ध नहीं थे, वहीं दमकल की गाड़ी भी नहीं थी। सूचना मिलने पर बिजलीघर की दमकल मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। इस घटना ने एक बार फिर आरएसएमएम जैसे महत्त्वपूर्ण औद्योगिक क्षेत्र में अग्निशमन संसाधनों की कमी और आपातकालीन व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।

108 एंबुलेंस में प्रसव पीड़ा बढ़ने पर ईएमटी-पायलट ने कराया सुरक्षित प्रसव, मां-बेटी स्वस्थ

पोकरण @ पत्रिका. क्षेत्र के खेतोलाई गांव की एक प्रसव पीडि़ता ने बुधवार सुबह 108 एंबुलेंस में एक पुत्री को जन्म दिया। खेतोलाई निवासी महिला को सुबह प्रसव पीड़ा हुई, जिसके बाद 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची। महिला को लेकर रवाना होते समय रास्ते में प्रसव पीड़ा बढ़ गई। एंबुलेंस को सड़क किनारे रोककर ईएमटी भीखसिंह व पायलट समसदीन ने महिला का सुरक्षित प्रसव करवाया। महिला ने एक स्वस्थ पुत्री को जन्म दिया। प्रसव के बाद उन्हें पोकरण के राजकीय जिला चिकित्सालय लाकर भर्ती किया गया। यहां जच्चा-शिशु स्वस्थ हैं तथा उनका उपचार जारी है।

श्वानों के हमले से नीलगाय घायल, वन्यजीव प्रेमियों ने बचाया

जैसलमेर. सावता क्षेत्र में श्वानों के हमले से एक नीलगाय गंभीर रूप से घायल हो गई। बुधवार को हुई इस घटना में वन्यजीव प्रेमियों ने नीलगाय की जान बचाई और उसे वन विभाग को सुपुर्द किया। सावता गांव के पास कुछ श्वानों ने विचरण कर रही एक नीलगाय पर हमला कर उसे घायल कर दिया था। नीलगाय के चिल्लाने की आवाज सुनकर वन्यजीव प्रेमी जोगराजसिंह सावता और मौके पर मौजूद ग्रामीण धारा राम व चनणाराम वहां पहुंचे। उन्होंने तुरंत श्वानों को खदेड़ा और घायल नीलगाय को अपने कब्जे में लिया। इसके बाद उन्होंने डाबला वन विभाग के अधिकारी देवी सिंह को सूचना दी। सूचना पर पहुंचे वन विभाग के दल को घायल नीलगाय सुपुर्द कर दी गई। वन विभाग द्वारा घायल नीलगाय की देखरेख और उपचार किया जा रहा है।

Updated on:
09 Sept 2026 09:06 pm
Published on:
09 Sept 2026 09:06 pm