जैसलमेर के बासनपीर गांव में रामचंद्र सोढ़ा और हदूद पालीवाल की छतरियों के निर्माण के विरोध में एक पक्ष के लोगों ने गुरुवार सुबह करीब 10 बजे मौजूद पुलिस जाब्ता और छतरी निर्माण करवा रहे लोगों पर पथराव कर दिया।
जैसलमेर के बासनपीर गांव में रामचंद्र सोढ़ा और हदूद पालीवाल की छतरियों के निर्माण के विरोध में एक पक्ष के लोगों ने गुरुवार सुबह करीब 10 बजे मौजूद पुलिस जाब्ता और छतरी निर्माण करवा रहे लोगों पर पथराव कर दिया। पथराव करने के लिए महिलाओं व बच्चों को आगे रखा गया। सामने आए वीडियो में महिलाओं के साथ स्कूली बच्चियां भी पथराव करती नजर आ रही हैं। पुलिस ने हल्का बल प्रयोग करते हुए उपद्रवी तत्वों पर काबू पाया और पथराव करने वाले करीब दो दर्जन लोगों को हिरासत में लिया। इनमें एक दर्जन महिलाएं शामिल हैं। पत्थरबाजी की घटना में एक पुलिस कांस्टेबल सहित 3 जनों के चोटें आई हैं। उसके बाद मामले ने राजनीतिक तूल पकड़ लिया। एक तरफ प्रशासन और पुलिस का समूचा अमला मौकास्थल पर पहुंच गया तो दूसरी ओर भाजपा व संघ परिवार से जुड़े लोग बड़ी तादाद में छतरी निर्माण स्थल पर पहुंचे। ऐतिहासिक छतरियों के निर्माण से जुड़े मामले को शांत करने के लिए प्रशासन और पुलिस ने व्यापक स्तर पर प्रयास शुरू कर दिए हैं।
बासनपीर गांव में तालाब किनारे छतरियों के पुनर्निर्माण को लेकर एक दिन पहले बुधवार को भी स्थानीय बाशिंदों ने विरोध जताया था। उसके बाद गुरुवार को प्रशासन व पुलिस का भारी बंदोबस्त वहां किया गया। इसके बावजूद पथराव की बड़ी घटना सामने आई। जिस पर काबू पाने में उपस्थित पुलिसकर्मियों व प्रशासन के अधिकारियों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। गौरतलब है कि बासनपीर में जैसलमेर व बीकानेर रियासतों के बीच वर्ष 1828 में लड़े गए युद्ध के नायकों रामचंद्र सोढ़ा और हदूद पालीवाल की छतरियां पूर्व में 2019 में क्षतिग्रस्त की गई थी। उनके पुनर्निर्माण की अनुमति प्रशासन की तरफ से जारी की गई थी। जिसके आधार पर वहां काम करवाया जा रहा है। गांव में एक पक्ष के कुछ लोग इस निर्माण का लगातार विरोध कर रहे थे। पत्थरबाजी की घटना में कई गाडिय़ों को भी नुकसान पहुंचा है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बन गया।
गुरुवार को हुए पथराव के बाद बड़ी संख्या में लोग छतरी स्थल पर पहुंचे। उन्होंने निर्माण कार्य जारी रखने पर जोर दिया और वहां पुन: जोर-शोर से काम शुरू किया गया। शाम के समय भी सैकड़ों लोगों व पुलिस की मौजूदगी में छतरियों के निर्माण का कार्य जारी था।
पुलिस अधीक्षक सुधीर चौधरी ने पत्रकारों को बताया कि महिलाओं और बच्चों को आगे कर पथराव करवाने वाले षड्यंत्रकारियों की पुलिस ने पहचान कर ली है। उनके खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर भेजा गया और स्थिति अब नियंत्रण में है। पुलिस ने करीब दो दर्जन लोगों को गिरफ्तार किया है। जिनमें एक दर्जन महिलाएं शामिल हैं। पुलिस इस मामले में कठोर कार्रवाई करेगी ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति नहीं हो।
संवाद से निकालें समाधान
जैसलमेर जिले के बासनपीर में ज़मीन विवाद को लेकर दो गुटों के बीच तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। जैसे ही यह मामला मेरे संज्ञान में आया, मैंने तत्काल पुलिस अधीक्षक व अन्य संबंधित अधिकारियों से दूरभाष पर बात कर सभी पक्षों को समझाइश देकर मामले को शांतिपूर्वक सुलझाने के निर्देश दिए। मैं प्रशासन से स्पष्ट अपील करता हूँ कि मामले में निष्पक्षता बरती जाए और दोनों पक्षों को आमने-सामने बिठाकर संवाद के माध्यम से समाधान निकाला जाए।