5 अप्रैल 2026,

रविवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

अस्पताल में मौत होने पर चिकित्सकों पर लगाया लापरवाही का आरोप

जैसलमेर जिला अस्पताल जवाहिर चिकित्सालय में रविवार अपराह्न पश्चात एक व्यक्ति की उपचार के दौरान मौत हो जाने पर परिवारजनों के साथ अन्य लोगों ने हंगामा खड़ा कर दिया।

2 min read
Google source verification

जैसलमेर जिला अस्पताल जवाहिर चिकित्सालय में रविवार अपराह्न पश्चात एक व्यक्ति की उपचार के दौरान मौत हो जाने पर परिवारजनों के साथ अन्य लोगों ने हंगामा खड़ा कर दिया। उन्होंने चिकित्सकों पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया। लोगों की भीड़ बढऩे पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और सीसीटीवी फुटेज की जांच की गई। पुलिस के अनुसार फुटेज में ड्यूटी पर नियुक्त चिकित्सक व अन्य कार्मिक उपचार का प्रयास करते नजर आए और कॉल करने पर विशेषज्ञ भी पहुंचे लेकिन तब तक मरीज की मौत हो गई थी। पुलिस व अस्पताल प्रशासन की तरफ से समझाइश किए जाने के बाद परिवारजन शव लेकर रवाना हो गए।

यह था मामला

मूलत: जोधा और वर्तमान में गफूर भट्टा में निवासरत 43 वर्षीय रोजे खां की तबीयत बिगडऩे पर उसे टैक्सी में बैठा कर पत्नी व एक अन्य व्यक्ति जिला चिकित्सालय लेकर पहुंचे। पीएमओ डॉ. रविंद्र सांखला के अनुसार ड्यूटी डॉक्टर व अन्य चिकित्साकर्मियों ने मरीज की इसीजी जांच की। उसमें हार्ट अटैक की पुष्टि होने पर फिजिशियन को कॉल किया गया। पीएमओ के अनुसार तब तक हार्ट अटैक के दुष्परिणाम शुरू हो गए। उन्होंने दावा किया कि मरीज को बचाने के लिए आधे घंटे तक उपलब्ध संसाधनों से प्रयास किए गए। सीपीआर दिए जाने के दौरान उसने एक बार आंख भी खोली और अपना नाम बोला लेकिन वह और कुछ बोल नहीं सका और उसकी मौत हो गई। शहर कोतवाल सुरजाराम जाखड़ ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज दिखाए जाने और समझाइश के बाद परिवारजन संतुष्ट हो गए और शव लेकर घर के लिए रवाना हो गए।

फलसूंड में कांग्रेस का धरना, चुनाव कराने की मांग

फलसूंड गांव में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने संगठन बढ़ाओ, लोकतंत्र बचाओ नारे के साथ विशाल धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार पर लोकतांत्रिक प्रक्रिया को कमजोर करने का आरोप लगाया और पंचायती राज तथा निकाय चुनाव जल्द कराने की मांग उठाई। धरना-प्रदर्शन का नेतृत्व जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष अमरदीन फकीर ने किया। कार्यक्रम में क्षेत्र के कई जनप्रतिनिधि और कांग्रेस नेता बड़ी संख्या में मौजूद रहे। कार्यक्रम में रणवीरसिंह गोदारा, साकड़ा ब्लॉक अध्यक्ष राजूराम मोडरडी, ब्लॉक प्रभारी भोमसिंह, बांधेवा सरपंच बरकत खान, युवा नेता कैलाश भील उजला, मंडल अध्यक्ष छोगाराम मेघवाल, शिवाराम पंवार फलसूंड, कांग्रेस नेता लेखराज लीलावत, भरतसिंह राजपुरोहित, किसनसिंह राजपुरोहित, पठान खां सरपंच, दुर्गादास सिंह जोधा, अर्जुनराम कुमावत, भल्लाराम लीलावत और श्रवण सिंह जोधा सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे। वक्ताओं ने संबोधन में कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए समय पर पंचायती राज और निकाय चुनाव कराना आवश्यक है। चुनाव में देरी से लोकतांत्रिक व्यवस्था प्रभावित होती है। धरना-प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की मौजूदगी ने कांग्रेस संगठन की एकजुटता और मजबूती का स्पष्ट संदेश दिया।