
जैसलमेर. विख्यात पर्यटन स्थल सम सेंड ड्यून्स क्षेत्र में अतिक्रमण और अवैध कब्जों पर जैसलमेर तहसील प्रशासन का बुलडोजर चला। इससे क्षेत्र में अतिक्रमियों में हडक़म्प-सा मच गया। रविवार सुबह तहसीलदार वीरेंद्रसिंह भाटी की मौजूदगी में अतिक्रमण हटाओ अभियान की शुरुआत मुख्य पार्किंग स्थल और मुख्य सेंड ड्यून्स के सामने वाले मुख्य सम मार्ग से की गई। यहां कच्चे-पक्के कब्जों को जेसीबी से ध्वस्त करने की कार्रवाई की गई। सम थानाधिकारी करणसिंह के नेतृत्व में पुलिस जाब्ता मौजूद था, वहीं राजस्व निरीक्षक चतुरसिंह ने चिन्हित कब्जों को हटवाने में सहयोग दिया। सेंड ड्यून्स के मुख्य इलाकों से अवैध कब्जे हटाए जाने की सूचना मिलने के बाद लखमणों की बस्ती में अतिक्रमियों ने स्वत: कब्जे हटाने शुरू कर दिए। राजस्व प्रशासन के अनुसार रविवार को कार्रवाई में 100 से ज्यादा कब्जे व अतिक्रमण हटाए गए हैं। इससे पहले शनिवार को भी कुछ लोगों ने अपने कब्जे स्वयं हटा लेने की बात कहने पर कार्रवाई नहीं की गई थी।
पूर्व में दिए गए थे नोटिस
जैसलमेर जिले के पर्यटन के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण सम सेंड ड्यून्स और उससे लगते क्षेत्र में पिछले अर्से से किए गए अतिक्रमणों और अवैध कब्जों को हटाने के लिए संबंधित लोगों को तहसीलदार की ओर से नोटिस जारी किए गए थे। इसके बावजूद यह सिलसिला थमने के बजाय बढ़ता गया। तब जिला प्रशासन के निर्देशानुसार २० से २२ अक्टूबर तक की अवधि में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाने का निर्णय लिया गया है। गौरतलब है कि विगत समय के दौरान सम मार्ग, सम सेंड ड्यून्स और लखमणों की बस्ती सेंड ड्यून्स क्षेत्र में लोगों ने कच्चे-पक्के झोंपे बनाकर, केबिन रखकर तथा कुछ जगहों पर पत्थर की पट्टियां लगाकर तारबंदी कर दी। राजस्व प्रशासन के अनुसार रविवार को कार्रवाई में 100 से ज्यादा कब्जे व अतिक्रमण हटाए गए हैं। इससे पहले शनिवार को भी कुछ लोगों ने अपने कब्जे स्वयं हटा लेने की बात कहने पर कार्रवाई नहीं की गई थी।