रेलवे की ओर से स्वर्णनगरी जैसलमेर में रेल सुविधाओं में बढ़ोतरी की दिशा में एक कदम बढ़ाते हुए साबरमती-जोधपुर-साबरमती सुपरफास्ट एक्सप्रेस रेलसेवा का जैसलमेर तक विस्तार किया जा रहा है।
रेलवे की ओर से स्वर्णनगरी जैसलमेर में रेल सुविधाओं में बढ़ोतरी की दिशा में एक कदम बढ़ाते हुए साबरमती-जोधपुर-साबरमती सुपरफास्ट एक्सप्रेस रेलसेवा का जैसलमेर तक विस्तार किया जा रहा है। रेल सेवा के विस्तार का जैसलमेर-साबरमती उद्घाटन स्पेशल रेलसेवा के रूप में संचालन किया जाएगा। गाड़ी संख्या 04873, जैसलमेर-साबरमती उद्घाटन एक तरफा स्पेशल रेलसेवा आगामी 22 मई को जैसलमेर से 12.30 बजे रवाना होकर मध्यरात्रि 3.30 बजे साबरमती पहुंचेगी। यह उद्घाटन स्पेशल रेलसेवा मार्ग में रामदेवरा, फलोदी, ओसियां, जोधपुर, भगत की कोठी, लूनी, दुदाड़ा, समदडी, मोकलसर, जालोर, मोदरान, मारवाड भीनवाल, रानीवाडा, धनेरा, भीलडी, पाटन व महेसाना स्टेशनों पर ठहराव करेगी। इस उद्घाटन स्पेशल रेलसेवा में 1 सैकण्ड एसी, 6 थर्ड एसी, 9 द्वितीय शयनयान, 4 साधारण श्रेणी, 1 गार्ड व 1 पॉवरकार डिब्बों सहित कुल 22 डिब्बे होंगे।
जैसलमेर तक विस्तारित नियमित गाड़ी संख्या 20486/20485, साबरमती-जैसलमेर-साबरमती रेलसेवा का साबरमती से 23 मई एवं जैसलमेर से उसी दिन से संचालित होगी। गाड़ी संख्या 20486, साबरमती-जैसलमेर प्रतिदिन सुपरफास्ट एक्सप्रेस रेलसेवा 23 मई से साबरमती से 7.00 बजे रवाना होकर जोधपुर स्टेशन पर 14.40 बजे आगमन व 14.50 बजे प्रस्थान कर 20.30 बजे जैसलमेर पहुंचेगी। इसी प्रकार गाड़ी संख्या 20485, जैसलमेर-साबरमती प्रतिदिन सुपरफास्ट एक्सप्रेस रेलसेवा 23 मई से जैसलमेर से प्रतिदिन 6.30 बजे रवाना होकर जोधपुर स्टेशन पर 11.40 बजे आगमन व 11.50 बजे प्रस्थान कर रात 10 बजे बजे साबरमती पहुंचेगी।
जगी हैं नई संभावनाएं
ट्रेन के विस्तार से जैसलमेर को रेल कनेक्टिविटी के क्षेत्र में बड़ी सौगात मिलने की उम्मीद जगी है। पर्यटन, सामरिक महत्व और आमजन की सुविधा को देखते हुए यह विस्तार जैसलमेर के लिए बेहद उपयोगी माना जा रहा है। इससे न केवल यात्रियों को बेहतर सुविधा मिलेगी, बल्कि पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी नया संबल मिलेगा।
-अखिल भाटिया, ट्रेवल एजेंट
पर्यटकों की संख्या में और बढ़ोतरी
जैसलमेर देश के सबसे प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल है। हर वर्ष सर्दियों के मौसम में हजारों पर्यटक रेल मार्ग से जैसलमेर पहुंचते हैं। ऐसे में गुजरात क्षेत्र से सीधी और बेहतर रेल सुविधा उपलब्ध होने पर पर्यटकों की संख्या में और बढ़ोतरी होने की संभावना जताई जा रही है।
-हरिसिंह राठौड़, पर्यटन व्यवसायी
प्रत्यक्ष रेल सेवा मिलने से होगी समय की बचत
व्यापारिक दृष्टि से भी यह विस्तार महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अहमदाबाद और साबरमती क्षेत्र राजस्थान तथा पश्चिम भारत के प्रमुख औद्योगिक और व्यापारिक केंद्र हैं। जैसलमेर के व्यापारी, विद्यार्थी और मरीज बड़ी संख्या में जोधपुर व अहमदाबाद की यात्रा करते हैं। प्रत्यक्ष रेल सेवा मिलने से समय की बचत होगी और यात्राएं अधिक सुविधाजनक बन सकेंगी। विशेष रूप से चिकित्सा और उच्च शिक्षा के लिए बाहर जाने वाले लोगों को इसका सीधा लाभ मिलेगा।
-भंवरलाल आचार्य, वरिष्ठ नागरिक
सामरिक दृष्टि से भी यह ट्रेन अहम
सामरिक दृष्टि से भी यह ट्रेन अहम मानी जा रही है। पाकिस्तान सीमा से सटे जैसलमेर जिले का अत्यधिक सामरिक महत्व है। सेना और सुरक्षा एजेंसियों की गतिविधियों के लिए मजबूत रेल नेटवर्क हमेशा महत्वपूर्ण रहा है। ऐसे में रेल सेवाओं का विस्तार सीमांत क्षेत्र की रणनीतिक आवश्यकताओं को भी मजबूती प्रदान करेगा।
-सुमेरसिंह राजपुरोहित, ट्रेवल एजेंट
वर्तमान में इन ट्रेनों का संचालन
- स्वर्णनगरी एक्सप्रेस जैसलमेर-दिल्ली प्रतिदिन
- जैसलमेर-साबरमती एक्सप्रेस प्रतिदिन
- रानीखेत एक्सप्रेस जैसलमेर-काठगोदाम प्रतिदिन
- लीलण एक्सप्रेस जैसलमेर-जयपुर प्रतिदिन
- जैसलमेर-बांद्रा एक्सप्रेस सप्ताह में एक दिन
- रूणिचा एक्सप्रेस जैसलमेर-दिल्ली प्रतिदिन
ये कदम उठाए जाने जरूरी
- जैसलमेर-साबरमती एक्सप्रेस में सैकण्ड एसी का एक ही डिब्बा है, इसकी संख्या बढ़ा कर 2 हो।
- जैसलमेर-बांद्रा का सप्ताह में एक ही फेरा है, इनकी संख्या बढ़ाकर 3 करवाई जाए।
- बीकानेर-प्रयागराज ट्रेन का विस्तार जैसलमेर तक किया जाए।
- जैसलमेर-हावड़ा ट्रेन का संचालन पुन: शुरू किया जाए, यह ट्रेन कोरोना के बाद से बंद है।
- नई ट्रेन का जैसलमेर से रवानगी समय शाम 5 या 6 बजे किया जाए।