पोकरण कस्बे में जैसलमेर रोड पर सत्यमेव जयते चौक के पास कांग्रेस की ओर से चलाए जा रहे मनरेगा बचाओ संग्राम के तहत विधानसभा स्तरीय जनसभा का आयोजन किया गया। इस दौरान क्षेत्र के बड़ी संख्या में ग्रामीणों व कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
पोकरण कस्बे में जैसलमेर रोड पर सत्यमेव जयते चौक के पास कांग्रेस की ओर से चलाए जा रहे मनरेगा बचाओ संग्राम के तहत विधानसभा स्तरीय जनसभा का आयोजन किया गया। इस दौरान क्षेत्र के बड़ी संख्या में ग्रामीणों व कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। सभा को संबोधित करते हुए राज्य सरकार के पूर्व केबिनेट मंत्री शाले मोहम्मद ने कहा कि कांग्रेस की ओर से शुरू की गई मनरेगा योजना के तहत गांवों व ढाणियों में निवास कर रहे गरीबों को रोजगार मिल रहा था। कोरोनाकाल के दौरान लाखों परिवारों को इसका लाभ मिला। अब केन्द्र सरकार की ओर से नाम बदलने के बहाने योजना को बंद करने का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पूर्व में लोगों को रोजगार का कानूनी अधिकार था, लेकिन अब यह केवल योजना बनकर रह गई है। दिल्ली में कमरों में बैठे लोग निर्णय लेंगे कि किस जिले में कहां काम देना है या नहीं। उन्होंने कहा कि सरकार गरीबों का हक छीन रही है। वर्तमान में प्रधानमंत्री आवास योजना के अलावा मजदूरों को कहीं पर भी रोजगार नहीं मिल रहा है। सभी काम बंद पड़े है और गरीब श्रमिक बेरोजगार हो रहे है। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार की ओर से पहले एसआईआर के नाम पर लोगों को परेशान किया गया। अब यूजीसी के नाम पर सामान्य को ओबीसी से लड़ाने का कार्य किया जा रहा है और भाईचारा खराब करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने पंचायतों के परिसीमन को लेकर भी गांवों में लोगों व परिवारों को लड़ाने की राजनीति करने आरोप लगाया।
पूर्व मंत्री शाले मोहम्मद ने कहा कि भेदभाव की राजनीति नहीं चलेगी। जनता आगामी चुनाव में इसका जवाब देगी। उन्होंने दावा किया कि कैसा भी परिसीमन कर दो, पंचायतीराज चुनाव में कांग्रेस पिछली बार से ज्यादा सीटें जीतकर आएगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता 2 साल में ऊब चुकी है। विकास के कार्य ठप पड़े है। सभा के दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष अमरदीन फकीर ने कहा कि जिले की कांग्रेस पूरी तरह से एकजुट है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को संगठित होकर कांग्रेस को मजबूत बनाने के लिए कार्य करने का आह्वान किया। इस मौके पर कांग्रेस विधानसभा क्षेत्र प्रभारी अंकुर चौधरी, पूर्व प्रधान अर्जुनराम मेघवाल, वहीदुल्ला मेहर, नगरपालिका नेता प्रतिपक्ष नारायण रंगा, पार्षद आईदान पंवार, हरुराम चौधरी, चंदनसिंह राठौड़, धर्मवीरसिंह राठौड़, राधेश्याम कल्ला आदि वक्ताओं ने विचार व्यक्त किए। पूर्व जिला प्रमुख नैनदान रतनू ने धन्यवाद ज्ञापित किया। इससे पूर्व कांग्रेस जिलाध्यक्ष अमरदीन फकीर का यहां पहुंचने पर स्वागत व अभिनंदन किया गया।