
जैसलमेर/पोकरण. नव निर्वाचित जिला प्रमुख संतोष कुमारी ने गरीबों की सेवा और गांवों-ढाणियों के समग्र विकास को अपनी सर्वोच्च प्राथमिकता बताया है। उन्होंने कहा कि जिस विश्वास के साथ पार्टी नेतृत्व और जिला परिषद सदस्यों ने उन्हें इतनी बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है, उस पर खरा उतरने के लिए वे पूरी प्रतिबद्धता से कार्य करेंगी। आमजन की समस्याओं का समाधान करने के साथ जिले में बिना किसी भेदभाव के विकास कार्य करवाने का प्रयास रहेगा। जिला प्रमुख निर्वाचित होने के बाद पत्रकारों से बातचीत में संतोष कुमारी ने कहा कि जिला प्रमुख का पद बहुत बड़ा और महत्वपूर्ण दायित्व है। यदि चुनाव पहले चरण में होते तो संभवत: वे इस मुकाम तक नहीं पहुंच पातीं।
उन्होंने अपने निर्विरोध निर्वाचन को लेकर जैसलमेर जिले की जनता और कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं का आभार जताया। उन्होंने कहा कि पार्टी के नेताओं और जिला परिषद सदस्यों ने जिस भरोसे के साथ उन्हें जिला प्रमुख की जिम्मेदारी सौंपी है, वे उनकी उम्मीदों पर हमेशा खरी उतरने का प्रयास करेंगी। इस जिम्मेदारी के निर्वहन में वे हर समय उनके साथ खड़ी रहेंगी। पार्टी और वरिष्ठ नेताओं ने उन्हें इस पद के योग्य समझा, यह उनके लिए सम्मान और विश्वास की बात है। संतोष कुमारी ने कहा कि गरीब को गणेश मानकर उसकी सेवा करना उनके कार्यों का मूल मंत्र रहेगा। आमजन को रोजमर्रा की समस्याओं से राहत दिलाने और उनकी बात सुनकर समाधान करवाने पर विशेष ध्यान देंगी। गांवों और दूरस्थ ढाणियों तक विकास की पहुंच सुनिश्चित करने के साथ सभी क्षेत्रों में समान रूप से काम करवाने का प्रयास रहेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों में किसी तरह का भेदभाव नहीं होगा और जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप काम करना उनकी प्राथमिकता रहेगी।
जैसलमेर जिला परिषद के कुल 21 निर्वाचन क्षेत्रों में कांग्रेस ने 20 सीटों पर जीत दर्ज कर एकतरफा दबदबा कायम किया, जबकि भाजपा महज एक सीट पर सिमट गई। पोकरण विधानसभा क्षेत्र की सभी 10 सीटों पर कांग्रेस प्रत्याशी विजयी रहे। वहीं जैसलमेर विधानसभा क्षेत्र की 11 सीटों में से 10 पर कांग्रेस ने कब्जा जमाया। जिला प्रमुख का पद अनुसूचित जनजाति (एसटी) वर्ग के लिए आरक्षित था। भाजपा के पास एसटी वर्ग से कोई दावेदार नहीं होने के कारण मुकाबले की संभावना पहले ही कमजोर पड़ गई थी। ऐसे में संतोषकुमारी का निर्विरोध निर्वाचन लगभग तय माना जा रहा था।
बुधवार सुबह जिला परिषद कार्यालय परिसर में चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी रही। सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस का पर्याप्त जाप्ता तैनात किया गया। शुभ मुहूर्त में सुबह 10.45 बजे कांग्रेस प्रत्याशी संतोष कुमारी जिला परिषद पहुंचीं और नामांकन पत्र दाखिल किया। वे जिला परिषद के ब्लॉक संख्या 21 से छह हजार से अधिक मतों के अंतर से चुनाव जीतकर आई थीं। नामांकन पत्रों की जांच और नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर अनुपमा जोरवाल ने उन्हें निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया। इसके बाद निर्वाचन प्रमाण पत्र सौंपा और पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।जिला प्रमुख चुनाव से पहले कांग्रेस के फकीर और धणदे गुट के बीच खींचतान की चर्चाएं राजनीतिक हलकों में थीं। जिला परिषद में बहुमत के बावजूद जिला प्रमुख के चेहरे को लेकर पार्टी के भीतर अलग-अलग समीकरणों की चर्चा थी। लेकिन नामांकन के दिन दोनों गुटों के नेता एक साथ नजर आए। पूर्व विधायक रूपाराम धणदे, पूर्व कैबिनेट मंत्री शाले मोहम्मद के आवास पहुंचे। वहां से दोनों गुटों के नेता एक साथ जिला परिषद कार्यालय पहुंचे और नामांकन प्रक्रिया में शामिल हुए। इस घटनाक्रम ने पार्टी की अंदरूनी खींचतान की चर्चाओं पर विराम लगाते हुए एकजुटता का संदेश दिया। इस अवसर पर कांग्रेस चुनाव प्रभारी प्रहलाद गुंजल, जिलाध्यक्ष अमरदीन फकीर, पूर्व जिला प्रमुख अब्दुला फकीर, पूर्व सभापति अशोक तंवर, पूर्व जिलाध्यक्ष उम्मेदसिंह तंवर, गोविंद भार्गव, जनकसिंह, रणवीरसिंह गोदारा, इन्द्रसिंह जोधा, शाबिर मोहम्मद लोहारकी, जिला महासचिव गोपाल रंगा और सिकंदरअली मेहर सहित बड़ी संख्या में नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।