जैसलमेर

jaisalmer: शिक्षक बनने निकला था शाहरुख, बस की आग ने छीन लिया भविष्य

शिक्षक बनकर परिवार की आर्थिक स्थिति संवारने का सपना देख रहे 22 वर्षीय शाहरुख खान की जिंदगी बस अग्निकांड ने छीन ली। झाबरा निवासी शाहरुख कक्षा 12वीं में पढ़ रहा था और परिवार की उम्मीदों का सहारा बनना चाहता था। 14 अक्टूबर 2025 को हुए हादसे ने एक युवा की जिंदगी के साथ उसके परिवार के सपनों को भी राख कर दिया।
2 min read
• •
Oct 20, 2026
jaisalmer lathi news
शाहरुख खान

जैसलमेर/लाठी. कुछ सपने किताबों के पन्नों पर आकार लेते हैं और कुछ पूरे परिवार की उम्मीद बन जाते हैं। झाबरा निवासी 22 वर्षीय शाहरुख खान का सपना शिक्षक बनने का था। वह कक्षा 12वीं में पढ़ रहा था। उसकी इच्छा थी कि पढ़ाई पूरी कर शिक्षक बने, परिवार की जिम्मेदारी संभाले और घर की आर्थिक स्थिति बेहतर करे, लेकिन 14 अक्टूबर 2025 को बस अग्निकांड ने उसके सपनों का सफर बीच रास्ते में ही खत्म कर दिया। जैसलमेर मुख्यालय से करीब 40 किलोमीटर दूर स्थित झाबरा गांव के इस युवक के लिए पढ़ाई केवल डिग्री हासिल करने का जरिया नहीं थी। वह अपने भविष्य के साथ परिवार की उम्मीदों को भी आगे ले जाना चाहता था। घर की परिस्थितियां आसान नहीं थीं, फिर भी उसके सपनों में आगे बढ़ने की जगह थी।

भाई के हिस्से रह गईं अधूरी उम्मीदें

शाहरुख दो भाइयों में एक था। उसके जाने के बाद भाई शौकत अकेला रह गया। परिवार बकरीपालन कर जीवनयापन करता है। ऐसे परिवार में शाहरुख की पढ़ाई और शिक्षक बनने की इच्छा अपने आप में बेहतर भविष्य की उम्मीद थी। उसकी मौत से परिवार ने केवल एक बेटा नहीं खोया, बल्कि उस संभावना को भी खो दिया, जिसके सहारे आने वाले समय की कल्पना की जा रही थी। जिस उम्र में शाहरुख को पढ़ाई पूरी कर अपने लक्ष्य की ओर बढ़ना था, उसी उम्र में परिवार को उसकी यादों के सहारे रहना पड़ रहा है।

किताबों में रह गया शिक्षक बनने का सपना

भाई शौकत के अनुसार शाहरुख बड़ा होकर शिक्षक बनना चाहता था और परिवार की जिम्मेदारी उठाने का सपना देखता था। उसकी मौत के बाद यह सपना अधूरा रह गया। परिवार के लिए उसकी पढ़ाई, उससे जुड़ी यादें और भविष्य को लेकर देखे गए सपने अब सबसे कीमती निशानियां हैं।

नींद की झपकी से बेकाबू हुई एसयूवी, जीप से भिड़ी, टला हादसा

लाठी (जैसलमेर). खेतोलाई गांव के पास राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-11 पर मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब हरियाणा से जैसलमेर घूमने जा रही पर्यटकों से भरी वाहन अनियंत्रित होकर सामने से आ रही जीप से जा भिड़ी। बताया जा रहा है कि वाहन चालक को अचानक नींद की झपकी आने से वाहन पर नियंत्रण नहीं रहा और वह तेज गति से सामने आ रही जीप से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों के टायर धमाके के साथ फट गए। वाहन का अगला टायर और जीप का पिछला टायर ब्लास्ट होने से हादसे की भयावहता का अंदाजा लगाया जा सकता है। भिड़ंत के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे की सूचना मिलते ही खेतोलाई कामधेनु सेना के ग्राम प्रभारी नीम्बाराम विश्नोई सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू करते हुए वाहनों में फंसे लोगों को बाहर निकाला। इधर, सूचना मिलते ही लाठी पुलिस थाने से सहायक उपनिरीक्षक पदमचंद गोयल पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने हादसे में क्षतिग्रस्त दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की।

Updated on:
20 Oct 2026 08:50 pm
Published on:
20 Oct 2026 08:50 pm