जैसलमेर में पंचायत समिति सम चौराहा के पास गुरुवार दोपहर एक कार में वायरिंग का काम करते समय शॉर्ट सर्किट से आग लग गई, जिसने पास खड़े दूसरे वाहन को भी चपेट में ले लिया। देखते ही देखते दोनों वाहनों के अगले हिस्से धू-धू कर जलने लगे और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे में वायरिंग कार्य कर रहा मैकेनिक दलपतसिंह झुलस गया, जिसे उपचार के लिए जवाहिर चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है।

जैसलमेर. जैसलमेर स्थित पंचायत समिति सम चौराहा के पास कार की वायरिंग दुरुस्त करते समय उसमें शॉर्ट सर्किट हो जाने से आग लग गई और उसने पास खड़े एक अन्य वाहन को चपेट में ले लिया। इससे दोनों वाहनों का अगला हिस्सा धू-धू कर जलने लगा और वातावरण में काला धुआं फैल गया। इस घटनाक्रम में कार में वायरिंग का काम कर रहा मैकेनिक आग की चपेट में आ गया। इससे उसके हाथ और पांव झुलस गए। यह हादसा गुरुवार दोपहर करीब 2.30 बजे हुआ। झुलसे मैकेनिक दलपतसिंह को आसपास के लोगों ने जवाहिर चिकित्सालय पहुंचाया। जहां चिकित्सकों की ओर से उसका उपचार किया जा रहा है। बताया जाता है कि वह करीब 30 प्रतिशत झुलसा है। उसकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जाती है।
दो वाहनों में आग लगने की इस घटना के तुरंत बाद अग्रिशमन दल को सूचित किया गया। थोड़ी देर में मौके पर पहुंची दमकल की गाड़ी ने दोनों वाहनों में लगी आग पर काबू पाया। जानकारी के अनुसार अर्जना निवासी चौथ सिंह अपनी कार की वायरिंग समस्या को दुरुस्त करवाने के लिए मैकेनिक दलपत सिंह के पास लाए थे। बताया जाता है कि मैकेनिक ने वहां खड़ी एक अन्य गाड़ी की बैटरी का उपयोग कर कार की वायरिंग को ठीक करने का प्रयास किया। तारों को जोड़ते समय तेज स्पार्किंग हुई। चूंकि पास में ही पेट्रोल खुला रखा हुआ था, इसलिए स्पार्किंग होते ही पेट्रोल ने तुरंत आग पकड़ ली। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया। आग इतनी तेजी से भडक़ी जिससे वहां काम कर रहे मैकेनिक को संभलने का मौका नहीं मिला। हादसे में उसके दोनों पैर और दायां हाथ झुलस गए। घटना स्थल पर मौजूद लोग आग देख कर मदद के लिए आगे आए। आग लगने से कार का आगे का हिस्सा, आगे का ग्लास, टायर और पूरी वायरिंग जल गई। वहीं, जिस जीप की बैटरी से काम किया जा रहा था, उसका भी अगला हिस्सा और टायर जल गए।
राजधानी दिल्ली में हाल ही हुई भीषण अग्निकांड की घटना के बाद नगरपरिषद जैसलमेर क्षेत्र में अग्नि सुरक्षा जांच अभियान तेज किया गया है। अभियान के तहत संचालित होटलों एवं अन्य व्यावसायिक भवनों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्थाओं की विशेष जांच की गई। निरीक्षण के दौरान कई भवनों में अग्निशमन सुरक्षा मानकों की कमी पाई गई, जिसके बाद संबंधित संचालकों को नोटिस जारी किए गए।